ऑपरेशन कावेरी: आज फिर लौटे 186 भारतीय, अब तक 2140 की हुई वापसी

National

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया कि ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत भारतीय नागरिकों का लौटना जारी। 186 यात्रियों के साथ एक विमान कोच्चि पहुंचा। ज्ञात हो कि रविवार को इस अभियान के तहत 229 भारतीय बेंगलुरु पहुंचे थे जबकि इसके 1 दिन पहले 365 भारतीय नागरिक दिल्ली आए। वहीं इस निकासी अभियान के तहत शुक्रवार को 2 जत्थों में 754 नागरिक भारत लौटे थे।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत भारत लौटने वाले भारतीयों की संख्या 2,140 हो गई है। ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत भारत ने जेद्दा में पारगमन सुविधा स्थापित की है। सूडान से निकाले जाने के बाद भारतीय नागरिकों को सऊदी अरब के इस शहर में लाया जा रहा है। भारत ने सऊदी अरब के शहर जेद्दा में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है ताकि सूडान से भारतीय नागरिकों को निकालने में सुविधा हो सके। सूडान में करीब 3,000 भारतीयों को निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

सूडान से निकासी अभियान में भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा, आईएनएस तेग और आईएनएस तरकश शामिल हैं। इसके अलावा भारतीय वायुसेना का विमान भी इसमें शामिल है। इस अभियान के तहत पोर्ट सूडान और जेद्दा में जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है। सूडान में सेना और एक अर्द्धसैनिक समूह के बीच सत्ता हासिल करने के लिए भीषण संघर्ष जारी है।

Compiled: up18 News