राहुल गांधी पर प्रतिक्रिया की कोई जरूरत नहीं, वो अपना सियासी एजेंडा चलाते हैं: RSS

National

राहुल गांधी द्वारा संघ पर लगातार की जा रही टिप्पणियों को लेकर मीडिया के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि मुझे लगता है कि इस बारे में कमेंट करने की कोई जरूरत नहीं है। वो अपने सियासी एजेंडा पर चलते हैं। हमारी और उनकी कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है।

उन्होंने आगे कहा, “वो संघ के बारे में बोलते हैं, इस पर मैं इतना ही कहूंगा कि कांग्रेस के उनके पूर्वजों ने संघ पर तमाम टिप्पणियां कीं। देश के लोग, दुनिया के लोग संघ को अपने अनुभव से देख रहे हैं, सीख रहे हैं। शायद वो भी जानते होंगे। मैं सिर्फ इतना ही कहना चाहता हूं कि विपक्ष के एक प्रमुख राजनेता के नाते उन्हें अधिक जिम्मेदारी दिखानी चाहिए और वास्तविकता को देखना चाहिए।”

इसके अलावा मीडिया से बातचीत करते हुए दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि भारत की वह पहचान जो राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले सभी लोगों के लिए गर्व की बात रही है, आज के समय में दुनिया के सामने प्रस्तुत की जानी है। अगले 25 वर्षों में, भारत को न सिर्फ आर्थिक और ढांचागत रूप से बल्कि खेल और संस्कृति जैसे कई अन्य क्षेत्रों में भी विकास करना है।

RSS के विस्तार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं का विस्तार प्रमुख है। 2025 में होने वाले शताब्दी समारोह के लिए संघ के कार्यक्रम 2024 में विजयादशमी से शुरू हो जाएंगे।

Compiled: up18 News