मुंबई। नॉस्टेल्जिया, गहरा मनोवैज्ञानिक रहस्य और टकराव से सजी शॉर्ट फ़िल्म ‘विषाद’ का ट्रेलर सोशल मीडिया पर रिलीज हो गया है, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। आशीष विद्यार्थी, राजेश्वर और केतकी नारायण अभिनीत यह फिल्म 16 जनवरी 2026 को Pocket Films के YouTube चैनल पर प्रीमियर होने जा रही है।
बीते लम्हों की धुन और गहराता तनाव
1 मिनट 26 सेकंड लंबे इस रहस्यमय ट्रेलर की शुरुआत एक भावुक दृश्य से होती है, जहां एक वृद्ध व्यक्ति रेडियो पर एक लोकप्रिय बंगाली गीत सुनता है। यह गीत बीते समय की मीठी यादों और अंदरूनी बेचैनी को उभारता है। लेकिन यह शांति ज्यादा देर तक नहीं टिकती।
कहानी में मोड़ तब आता है जब एक पुलिस इंस्पेक्टर (राजेश्वर) डॉ. अनादि सेन (आशीष विद्यार्थी) के घर जांच के लिए पहुंचता है। डॉ. सेन द्वारा घर में घुसने से मना करने पर दोनों के बीच तीखी बहस होती है। गिरफ्तारी की चेतावनी और तनावपूर्ण संवाद किसी अनकहे और गहरे राज़ की ओर इशारा करते हैं, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है।
भावनाओं की जटिल परतें और एक रहस्यमय बच्चा
ट्रेलर इसके समानांतर एक और कहानी दिखाता है—एक दंपती (केतकी नारायण और राजेश्वर) के बीच बढ़ता तनाव, जो तलाक की कगार पर है। इसके साथ ही एक रहस्यमय बच्चे की झलक भी दिखाई जाती है, जो कहानी को और भी पेचीदा बना देती है।
कलाकारों का अनुभव
आशीष विद्यार्थी फिल्म के बारे में कहते हैं, “विषाद सिर्फ एक शॉर्ट फ़िल्म नहीं, बल्कि एक एहसास है। इसकी असली कहानी खामोशी के बीच छिपी है।” इंस्पेक्टर की भूमिका निभा रहे राजेश्वर का कहना है कि यह फिल्म दर्शकों को कई सवाल देगी, जिनका जवाब वे खुद खोजने की कोशिश करेंगे।
नीलांजन रीता दत्ता द्वारा निर्मित और नवनीता सेन के निर्देशन में बनी यह मनोवैज्ञानिक शॉर्ट फ़िल्म 16 जनवरी 2026 को रिलीज़ होगी, जिसके लिए उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।

