मुंबई (अनिल बेदाग): ‘मर्द को दर्द नहीं होता’… यह केवल एक मशहूर फिल्मी संवाद या कहावत नहीं, बल्कि सदियों से पुरुषों पर थोपी गई एक ऐसी सामाजिक सोच है जिसने उनके शारीरिक दर्द, थकान और मानसिक संवेदनाओं को हमेशा खामोशी के पीछे कैद करके रखा है। इसी रूढ़िवादी धारणा को बदलने और पुरुषों की तकलीफों को आवाज देने के उद्देश्य से भारत के अग्रणी एर्गोनॉमिक्स और कम्फर्ट ब्रांड ‘फ्रिडो’ (Frido) ने अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस (International Men’s Day) के अवसर पर अपना विशेष जागरूकता अभियान ‘मर्द को भी दर्द होता है’ पेश किया है।
पुणे की सड़कों पर उतरी टीम, सामने आई मेहनतकशों की अनकही दास्तान
इस विशेष अभियान के तहत फ्रिडो की टीम ने पुणे की सड़कों पर उतरकर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, सफाई कर्मचारियों, ऑटो-रिक्शा चालकों और दिन-रात दौड़ने वाले डिलीवरी एग्जीक्यूटिव जैसे दैनिक मेहनतकश पुरुषों से सीधा संवाद स्थापित किया।
उनसे एक बेहद भावुक सवाल पूछा गया— “ऐसा कौन सा पल था, जब आप अंदर से पूरी तरह टूट चुके थे, लेकिन फिर भी आपसे सिर्फ मजबूत बने रहने की उम्मीद की गई?” इस सवाल के जवाब में इन मेहनतकश पुरुषों ने जो अनुभव साझा किए, उसने पुरुषों के संघर्ष और उनकी अनदेखी भावनात्मक दुनिया की एक मर्मस्पर्शी तस्वीर पेश की।
ऑर्थोटिक्स हील प्रोटेक्टर देकर दी राहत
इस सामाजिक पहल के अंतर्गत, रोजाना 10 से 12 घंटे लगातार खड़े रहकर ड्यूटी करने वाले इन कर्मचारियों को फ्रिडो की ओर से ऑर्थोटिक्स हील प्रोटेक्टर (Orthotics Heel Protector) उपहार स्वरूप प्रदान किए गए, ताकि पैरों के दर्द और थकान से जूझ रहे इन पुरुषों को काम के दौरान शारीरिक राहत मिल सके।
”दर्द स्वीकार करना ही असली ताकत”: गणेश सोनवणे (सीईओ)
फ्रिडो के सह-संस्थापक एवं सीईओ गणेश सोनवणे ने इस मुहिम पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा “हम सभी बचपन से यही सुनते हुए बड़े हुए हैं कि ‘मर्द को दर्द नहीं होता’, मानो पुरुषों के लिए दर्द महसूस करना या उसे बयां करना कोई गुनाह हो। हमारे आसपास ऐसे अनगिनत पुरुष हैं जो परिवार और समाज के लिए प्रतिदिन घंटों खड़े होकर तकलीफों के बावजूद मुस्कुराते हुए काम करते हैं। हम इस कैंपेन के जरिए उन्हीं खामोश योद्धाओं को आवाज देना चाहते हैं। हमारी नजर में ताकत का पैमाना सिर्फ दर्द को चुपचाप सहना नहीं, बल्कि अपने दर्द को खुलकर स्वीकार करना भी होना चाहिए।”
यह अभियान केवल एक ब्रांड की मार्केटिंग पहल न होकर समाज को एक संवेदनशील संदेश देता है कि पुरुषों को भी शारीरिक देखभाल, सामाजिक संवेदना और भावनात्मक सहारे की उतनी ही आवश्यकता होती है जितनी किसी अन्य को। सच्चा सामर्थ्य अपने दर्द को छुपाने में नहीं, बल्कि उसे सहजता से स्वीकार करने में निहित है।


