AI समिट में यूथ कांग्रेस के हंगामे पर बरसीं मायावती: बोलीं- “अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऐसा बर्ताव शर्मनाक”

Politics

लखनऊ। दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने इस प्रदर्शन को ‘अशोभनीय’ बताते हुए कहा कि ऐसे कृत्यों से वैश्विक स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुँचता है।

“विरोध के तरीके लोकतांत्रिक होने चाहिए”

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण सम्मेलन के दौरान कुछ लोगों द्वारा अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करना अत्यंत निंदनीय है। इस समिट में दुनिया भर के प्रमुख अतिथि मौजूद थे। ऐसे में इस तरह का आचरण देश की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाला है।” उन्होंने आगे कहा कि विरोध दर्ज कराने के कई लोकतांत्रिक तरीके हो सकते हैं, लेकिन देश की छवि को दांव पर लगाना उचित नहीं है।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 पदाधिकारी गिरफ्तार

बता दें कि शुक्रवार को समिट के दौरान करीब 15-20 यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता अचानक हॉल नंबर-5 की लॉबी में घुस आए और कपड़े उतारकर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, जिनमें से चार मुख्य पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाजपा ने भी घेरा

बीजेपी ने इस घटना को भारत की बढ़ती साख को धूमिल करने का एक ‘कुत्सित प्रयास’ करार दिया है। वहीं, सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद अब मायावती के इस कड़े रुख ने कांग्रेस को बैकफुट पर धकेल दिया है।