त्रिपुरा में जगन्नाथ रथ यात्रा में हुआ बड़ा हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट आया रथ, करंट लगने से 7 लोगों की मौत 18 झुलसे,

Regional

त्रिपुरा में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान बुधवार शाम को एक बड़ा हादसा सामने आया है, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई वहीं 18 लोग झुलस गए। घटना त्रिपुरा उनाकोटि जिले में सामने आई है। रथ के हाईटेंशन तार की चपेट आने की वजह से यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा इस्कॉन मंदिर की ओर से निकाली जा रही ‘उल्टा रथ यात्रा’ उत्सव के दौरान कुमारघाट इलाके में करीब शाम 4:30 बजे हुआ। जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल श्रद्धालु लोहे से बने रथ को खींच रहे थे। इसी दौरान रथ 133 केवी ओवरहेड केबल के संपर्क में आ गया। मान्यताओं के अनुसार, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के एक सप्ताह बाद त्रिपुरा में उल्टी रथ यात्रा निकलती है। इसमें भगवान के रथ को पीछे से खींचा जाता है। रथ पर भगवान जगन्नाथ के साथ भगवान बलभद्र और बहन सुभद्रा सवार रहती हैं।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा ‘एक दुखद घटना में, आज कुमारघाट में उल्टा रथ यात्रा के दौरान बिजली का करंट लगने से कई श्रद्धालुओं की जान चली गई और कुछ अन्य लोग घायल हो गए। उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं जिन्होंने इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया। इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।