मैनपुरी: केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमला, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने मांगी रिपोर्ट

City/ state Regional

उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में माहौल गर्माता जा रहा है। करहल से सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के सामने चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमला हो गया। लाठी डंडों से लैस लोगों पर हमला और पथराव का आरोप भाजपाइयों द्वारा लगाया गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले दो चरण तो लगभग शांति से निपट गए, लेकिन तीसरा चरण आते-आते माहौल गर्माता जा रहा है। मैनपुरी की करहल विधानसभा  पर समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव के सामने भारतीय जनता पार्टी के उम्‍मीदवार केंद्रीय कानून राज्‍यमंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर मंगलवार देर शाम हमला बोला गया है। प्राथमिक तौर पर मिली जानकारी के मुताबिक लाठी-डंडों से लैस लोगों ने काफिले पर हमला किया है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मंगलवार शाम चुनाव क्षेत्र में पड़ने वाले पैरार शाहपुर में प्रचार कर लौट रहे थे। लौटते समय गांव अतिकुल्लापुर के पास शाम करीब साढ़े सात बजे उनके काफिले पर खेतों के अंदर से लोगों ने पथराव किया। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने बताया कि करीब 100 से 200 लोगों ने पहले पथराव किया। फिर काफिले को घेर कर गाड़ियों पर लाठी-डंडे और सरिया बरसाए। इससे कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है।