मुंबई: अपनी गहरी आंखों और संजीदा अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली तृप्ति डिमरी ने इस बार दर्शकों को चौंका दिया है। नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म ‘मां बहन’ के जरिए तृप्ति डार्क कॉमेडी (Dark Comedy) की दुनिया में कदम रख रही हैं। इस फिल्म में वे न केवल अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से गुदगुदा रही हैं, बल्कि अपनी वर्सेटाइल एक्टिंग की रेंज भी साबित कर दी है।
अतरंगी परिवार और एक रहस्यमयी लाश
फिल्म का निर्देशन ‘तुम्हारी सुलू’ फेम सुरेश त्रिवेणी ने किया है। कहानी रेखा (माधुरी दीक्षित) और उनकी दो बेटियों, जया (तृप्ति डिमरी) और सुषमा (धारणा दुर्गा) के इर्द-गिर्द घूमती है। एक साधारण मोहल्ले में रहने वाले इस परिवार की जिंदगी तब बदल जाती है, जब उनके किचन में अचानक एक लाश मिलती है। उस राज को छुपाने की कोशिश में जो अफरा-तफरी मचती है, वही इस फिल्म का ‘ब्लैक ह्यूमर’ और असली मजा है।
सोशल मीडिया पर ‘स्मिता पाटिल’ से तुलना
फिल्म में तृप्ति एक ऐसी बड़ी बहन का किरदार निभा रही हैं जो जिम्मेदार होने के साथ-साथ बेहद मजाकिया भी है। सोशल मीडिया पर उनकी परफॉर्मेंस की तुलना दिग्गज अभिनेत्री स्मिता पाटिल से की जा रही है। जब एक यूजर ने उन्हें “आज की स्मिता पाटिल” कहा, तो नेटफ्लिक्स इंडिया ने भी चुटकी लेते हुए जवाब दिया “वो कभी गई ही नहीं!”
तृप्ति के साथ फिल्म में माधुरी दीक्षित, रवि किशन और धारणा दुर्गा जैसे सितारे भी अपनी कॉमिक टाइमिंग का जादू बिखेर रहे हैं।

