लालू प्रसाद यादव एक बार फिर चुने गए RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष

Politics

दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आरजेडी की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक चल रही है। रविवार (9 अक्टूबर) को पहले दिन राष्ट्रीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई है। सोमवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आरजेडी का खुला अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। रविवार को हो रही राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद, शरद यादव, तेजस्वी समेत पार्टी के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। बैठक में देश के 4000 से ज्यादा पदाधिकारी शामिल हुए।

राजद की स्थापना के बाद से ही हैं अध्यक्ष

लालू प्रसाद यादव को पिछले महीने (सितंबर 2022) में ही आरजेडी का अध्यक्ष चुन लिया गया था। उस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी उदय नारायण चौधरी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा था कि 9 अक्टूबर 2022 को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक और 10 अक्टूबर को तालकटोरा स्टेडियम में नेशनल काउंसिल की बैठक और खुले अधिवेशन में इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा था कि इसी दिन लालू यादव को निर्वाचन का प्रमाण पत्र भी मिलेगा।
निर्विरोध चुने गए लालू यादव

गौरतलब है कि 5 जुलाई 1997 को राजद की स्थापना से अब तक इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ही हैं। सजायाफ्ता होने के बावजूद भी वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहे। जिसके बाद एक बार फिर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर लालू प्रसाद की ताजपोशी हुई है। उन्हें निर्विरोध आरजेडी का अध्यक्ष चुना गया। लालू प्रसाद यादव इस पद के एक मात्र उम्मीदवार थे।

कृषि मंत्री सुधाकर सिंह भी हुए शामिल

दिल्ली में आयोजित आरजेडी की बैठक में पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह भी पहुंचे। हालांकि उनके पिता और बिहार आरजेडी अध्यक्ष जगदानंद सिंह इस बैठक में शामिल नहीं हुए। सुधाकर सिंह का कहना है कि वह अपने पिता के बारे में कुछ नहीं कह सकते। इस विषय पर पार्टी प्रवक्ता बात करेंगे। इसके साथ ही सुधाकर सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से कोई नाराजगी नहीं है।

-एजेंसी