आगरा: जानें सीएम योगी की गोद में खेल रहा ये बच्चा कौन था, माँ का बदल गया नज़रिया

City/ state Regional

आगरा। आज ताजनगरी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक अलग ही रूप देखने को मिला। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नन्हे मुन्ने मासूम बच्चों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और वहाँ मौजूद मुस्लिम महिला से बात करने के बाद उसके मासूम बच्चे को भी गोद में लेकर काफी देर तक खिलाया।

सीएम योगी आदित्यनाथ जब बच्चों से मिल रहे थे तो एक महिला दुधमुँहे बच्चों को गोद में लेकर खिला रही थी। यह दृश्य देख खुद योगी आदित्यनाथ ने उस महिला को बुलाया और उसके बच्चे को अपनी गोद में लेकर दुलार करने लगे। इसको लेकर महिला काफी उत्साहित नजर आई। योगी आदित्यनाथ ने महिला से नाम पूछा तो उसने अपना नाम जोया खान और बच्चे का नाम ईजान बताया। महिला ने बताया कि योगी आदित्यनाथ ने उनसे कहा कि यह हमारे देश के भविष्य हैं इन्हें सुरक्षित और शिक्षित बनाना।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वहां से रवाना होने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए महिला जोया खान ने बताया कि यह सब उनके लिए एक सपने की तरह था लेकिन उनका सपना आज हकीकत में बदल गया। आज खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके बच्चे को गोद में लिया और उसे दुलार किया। उन्होंने कहा कि यह देश के भविष्य हैं इन्हें सुरक्षित बनाने के साथ साथ शिक्षित, संस्कारी और देश प्रेम से ओतप्रोत बनाना। योगी आदित्यनाथ ने उनके बच्चे को आशीर्वाद दिया और वहां से रवाना हुए।

भेदभाव नहीं आया नजर

जोया खान ने कहा कि जिस तरह से उनके लिए कहा जाता है कि वह मुस्लिम विरोधी हैं ऐसा कुछ उन्हें उनके अंदर नजर नहीं आया। जब उन्हें पता चला कि वह मुस्लिम महिलाएं हैं और उनकी गोद में जो बच्चा है वह मुस्लिम है तो उस बच्चे को उन्होंने दुगना प्यार किया। उनके लिए जो बातें कही जाती हैं वह बातें सही नहीं हैं।