मुंबई (अनिल बेदाग): माया नगरी मुंबई में भक्ति संगीत की एक ऐसी शाम सजी जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी। अवसर था भजन सम्राट अनूप जलोटा के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मिशन 500’ के तहत नए भजन “बोलो राम बोलो श्याम” के भव्य विमोचन का। युवा और प्रतिभाशाली गायिका करिश्मा बछाव के मधुर स्वरों से सजे इस भजन का विमोचन परंपरा और आधुनिकता का एक अद्भुत मिलन साबित हुआ, जहाँ दशकों पुरानी भक्ति की धारा नए सुरों के साथ जीवंत हो उठी।
अनूप जलोटा का ‘मिशन 500’ और वैश्विक विजन
संगीत जगत में अपने 50 स्वर्णिम वर्ष पूरे कर चुके पद्मश्री अनूप जलोटा ने इस मौके पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “यह भजन अत्यंत मनमोहक है और इसे गाने व तैयार करने में अद्भुत आनंद आया।” उन्होंने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘मिशन 500’ पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका लक्ष्य दुनिया भर से 500 प्रतिभावान भजन गायकों को एक साझा मंच प्रदान करना है। अब तक इस मिशन से 100 कलाकार जुड़ चुके हैं, जिनका उद्देश्य भारतीय संस्कृति और भक्ति संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुँचाना है।
करिश्मा बछाव का सपना हुआ सच
दिग्गज गायक अनूप जलोटा के साथ अपनी इस संगीतमय यात्रा पर करिश्मा बछाव बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा, “अनूप जी जैसे महान कलाकार के साथ काम करना किसी सपने के सच होने जैसा है। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि मेरा भजन इतने भव्य स्तर पर लॉन्च हो गया है।” करिश्मा की सादगी और उनके सुरों की गहराई ने इस लॉन्च कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
प्रधानमंत्री ने भी थपथपाई है पीठ
गौरतलब है कि अनूप जलोटा की इस अनूठी पहल ‘मिशन 500’ की सराहना स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं। यह अभियान न केवल नई प्रतिभाओं को तराशने का काम कर रहा है, बल्कि भारतीय भक्ति संगीत की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी और वैश्विक दर्शकों तक पहुँचाने का एक सशक्त सेतु भी बन गया है। इस विमोचन के साथ ही “बोलो राम बोलो श्याम” अब श्रोताओं के बीच अपनी आध्यात्मिक पैठ बनाने के लिए तैयार है।

