आगरा: एस एन मेडिकल कॉलेज में आई.यू.आई. लैब का उदघाटन, निःसंतान दम्पति के लिए होगी उपयोगी

स्थानीय समाचार

आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में आई.यू.आई. लैब का उदघाटन शुक्रवार को प्रधानाचार्य आचार्य डॉ. प्रशान्त गुप्ता ने किया। आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सरोज सिंह ने बताया कि यह लैब निःसंतान दम्पति के लिए अत्यधिक उपयोगी होगी।

आई.यू.आई. अनएक्प्लेन्ड बाँझपन, बच्चेदानी के मुँह से सम्बन्धित सर्वाइकल फैक्टर केसेज व वीर्य असमानताएं व स्खलन दोष के मरीजों में लाभदायक है।

यह तकनीक आई.वी.एफ. का प्रथम स्तर है। इस प्रक्रिया में प्रयोगशाला में वीर्य से अच्छे शुक्राणु को अलग किया जाता है, तदोपरान्त इस वीर्य को महिला के गर्भाशय में रखा जाता है जिससे निषेचन की सम्भावना बढ़ जाती है। इस लैब की प्रभारी आचार्य डॉ. अनु पाठक एवं सहप्रभारी सह आचार्य डॉ. शिखा सिंह हैं।