एवरेस्ट की चोटी तक उड़ेगा भारत में बना हेलीकॉप्टर: पीएम मोदी और मैक्रों का बड़ा डिफेंस धमाका

Exclusive

​मुंबई: भारत और फ्रांस के संबंधों में एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बड़ी रक्षा डील का ऐलान किया। पीएम मोदी ने बताया कि भारत और फ्रांस मिलकर H-125 हेलीकॉप्टर का निर्माण करेंगे, जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान भरने वाला दुनिया का पहला हेलीकॉप्टर होगा। खास बात यह है कि इसका निर्माण भारत में होगा और यहीं से इसे पूरी दुनिया को निर्यात (Export) भी किया जाएगा।

​स्पेशल और ग्लोबल पार्टनरशिप:

पीएम मोदी ने फ्रांस को भारत का सबसे पुराना और भरोसेमंद रणनीतिक साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि 2026 भारत-यूरोप संबंधों के लिए एक ‘टर्निंग पॉइंट’ साबित होगा। हाल ही में यूरोपीय संघ (EU) के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे भारत और फ्रांस के व्यापारिक रिश्तों को अभूतपूर्व गति मिलेगी।

​आतंकवाद पर कड़ा प्रहार और वैश्विक शांति:

वैश्विक अनिश्चितता और युद्ध के हालातों पर चर्चा करते हुए दोनों नेताओं ने आतंकवाद के हर स्वरूप को जड़ से मिटाने की प्रतिबद्धता दोहराई। यूक्रेन से लेकर इंडो-पैसिफिक तक, पीएम मोदी ने शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि फ्रांस में जल्द ही स्वामी विवेकानंद कल्चरल सेंटर खोला जाएगा।

भविष्य की तकनीक पर फोकस:

इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए दोनों देश मिलकर हेल्थ सेक्टर में AI के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर और एयरोनॉटिक्स में ‘नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ लॉन्च करेंगे। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत-फ्रांस की यह साझेदारी केवल दो देशों के लिए नहीं, बल्कि वैश्विक स्थिरता और प्रगति के लिए एक बड़ी ताकत है।