आगरा के मंटोला में जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, बिल्डिंग का हिस्सा ढहा, मची चीख-पुकार, 7 दमकलों ने पाया काबू

स्थानीय समाचार

आगरा, 27 अप्रैल: ताजनगरी के थाना मंटोला क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। सुबह करीब साढ़े नौ बजे भड़की इस आग ने देखते ही देखते इतना विकराल रूप ले लिया कि तीन मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा भरभरा कर गिर पड़ा। घनी आबादी वाले इलाके में स्थित इस फैक्ट्री में लगी आग से आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और आसपास की बस्तियों में दहशत फैल गई।

यह फैक्ट्री मंटोला डिवीजन चौकी के ठीक सामने स्थित है, जिसका संचालन शाहिद लतीफ “जे एंड एम” (J&M) नाम से करते हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के भीतर जूता निर्माण में इस्तेमाल होने वाले ज्वलनशील केमिकल और भारी मात्रा में सोल व चमड़ा रखा था, जिसने आग में घी का काम किया। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें पास स्थित एक कोठी तक जा पहुँचीं।

रेस्क्यू ऑपरेशन: सूझबूझ से बचीं जानें

सूचना मिलते ही पुलिस बल और मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह व सोमदत्त सोनकर सात दमकलों के साथ मौके पर पहुँचे। पहली मंजिल पर मौजूद परिवार और फैक्ट्री के भीतर फंसे तीन कर्मचारी धुएं और लपटों के बीच घिर गए थे। अग्निशमन कर्मियों ने जांबाजी दिखाते हुए फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सात दमकलों ने आग पर काबू पाया, हालांकि सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक कूलिंग का काम जारी रहा।

भारी नुकसान की आशंका

आग की तीव्रता के कारण बिल्डिंग का ढांचा कमजोर होकर गिर गया, जिससे लाखों रुपये की मशीनरी और कच्चा माल जलकर राख हो गया है। मौके पर एसीपी कोतवाली ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि अभी तक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही किसी के हताहत होने की खबर है, लेकिन आर्थिक रूप से फैक्ट्री को भारी क्षति पहुँची है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।