हिंदुस्तान कॉलेज में ‘ज्ञान ज्योति-2026’ का आगाज़: 25 कॉलेजों के 600 छात्र दिखाएंगे दम; कवि सम्मेलन और सेलिब्रिटी नाइट बढ़ाएंगे रौनक

विविध

आगरा: शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रतिष्ठित संस्थान ‘हिंदुस्तान कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी’ (HCST) में वार्षिक राष्ट्रीय वार्षिकोत्सव ‘ज्ञान ज्योति-26’ की तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं। उत्तर प्रदेश के इस प्रथम निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में होने वाले इस तीन दिवसीय समागम में तकनीक, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। हाल ही में A+ ग्रेड से नवाजे गए इस संस्थान में देश भर के छात्र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

कवि सम्मेलन से होगा ‘कर्टेन रेज़र’ आगाज़

संस्थान के कार्यवाहक निदेशक डॉ. हरेन्द्र सिंह ने बताया कि मुख्य आयोजन की पूर्व संध्या पर एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के विख्यात कवि श्री अनवर अमान, भूमिका जैन और श्री एलेश अवस्थी अपनी ओजपूर्ण और भावुक कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। 19 मार्च 2026 को मुख्य समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री अनिरुद्ध यादव द्वारा किया जाएगा।

तकनीक से लेकर मनोरंजन तक: कार्यक्रमों की भरमार

​वार्षिकोत्सव के संयोजक श्री मुकुन्द लाल अरुकापल्ली एवं श्री विवेक अग्रवाल ने बताया कि इस बार प्रतियोगिताएं बेहद रोमांचक होने वाली हैं:

टेक्निकल: कोडिंग, ड्रोनस्ट्रॉम, मॉडल माइंड्स, पिक्सल वारफेयर और टेक्निकल क्विज।

सांस्कृतिक: सोलो व ग्रुप डांस, सोलो सिंगिंग, रैम रम्बल, बनो बाजा शो डाउन और रंग मंच।

गेमिंग: फ्री फायर, BGMI, शतरंज और सिक्स शॉट बास्केटबॉल।

साहित्य व फाइन आर्ट्स: डिबेट, शायरी, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता।

600 से अधिक पंजीकरण, डीजे और सेलिब्रिटी नाइट का तड़का

​संस्थान के निदेशक प्रो. आर.एस. पवित्र ने जानकारी दी कि अब तक लगभग 25 इंजीनियरिंग कॉलेजों के 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। पहले दिन के अंत में डीजे नाइट और अगले दिन सेलिब्रिटी नाइट का आयोजन होगा, जो छात्रों के उत्साह को दोगुना कर देगा।

नवाचार और व्यक्तित्व विकास का मंच

​प्रो. पवित्र ने जोर देकर कहा कि ‘ज्ञान ज्योति-26’ का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि छात्रों में नवाचार (Innovation), नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क की भावना विकसित करना है। इससे छात्रों की सॉफ्ट स्किल्स निखरेगी और उद्योग-अकादमिक संवाद को प्रोत्साहन मिलेगा। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन व इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के शिक्षक और छात्र जी-जान से जुटे हैं।