पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति जो बाइडेन पर तीखा हमला करते हुए उन्हें गूंगा, पागल और नाकारा बताया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति पागल हो गए हैं और देश को तीसरे विश्व युद्ध की ओर ले जाएंगे।
रॉयटर्स के मुताबिक एक वीडियो में ट्रंप कहते हैं, जो बाइडेन न केवल मूर्ख और अक्षम हैं बल्कि मेरा मानना है कि वह पागल हो गए हैं। उन्होंने देश में खतरनाक माहौल बना दिया है। यह एक मानसिक समस्या है जो हमारे देश को नर्क की ओर ले जा रही है। इस व्यक्ति के कारण तीसरा विश्व युद्ध छिड़ सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं। वो 2020 के राष्ट्रपति चुनावों में गड़बड़ी करने के मामले में कोर्ट ट्रायल का सामना भी कर रहे हैं।
पिछले हफ्ते ट्रंप ने किया था सरेंडर
2020 के चुनाव परिणामों को पलटने के प्रयासों से जुड़े 13 आरोपों का सामना करते हुए ट्रंप ने 26 अगस्त को खुद को जॉर्जिया के अधिकारियों के सामने सरेंडर किया था। इसके तुरंत बाद डोनाल्ड ट्रंप का मगशॉट जारी किया गया था।
मगशॉट पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ट्रंप की वायरल मगशॉट तस्वीर को लेकर उन पर तंज कसा था। बाइडेन ने एक रिपोर्टर से बात करते हुए कहा था कि मैंने इसे टेलीविजन पर देखा था। बाइडेन ने ट्रंप को हैंडसम गाय कहा था। दरअसल,मगशॉट किसी व्यक्ति का वह फोटो है जिसे उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस रिकॉर्ड के लिए लिया जाता है। इसमें व्यक्ति के चेहरे और कंधे का फोटो लिया जाता है। ट्रंप के सरेंडर के बाद से यह शब्द सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड में है।
इससे पहले भी ट्रंप अपने बयानों के लेकर चर्चा में रहे हैं
ट्रंप ने इससे पहले रूस-यूक्रेन जंग पर बयान दिया था जिसे लेकर वो सुर्खियों में आ गए थे। उन्होंने दावा किया था वो एक दिन में इस जंग को रोक सकते हैं। ट्रंप ने बताया था है कि अगर वो दूसरी बार प्रेसिडेंट बने तो वो रूस और यूक्रेन की जंग को महज एक दिन में कैसे खत्म करेंगे।
ट्रंप के मुताबिक यह बहुत मुश्किल काम नहीं है। मुझे सिर्फ दो फोन करने हैं। एक यूक्रेन के प्रेसिडेंट वोल्दोमिर जेलेंस्की को और दूसरा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को। दोनों के सामने जंग खत्म करने के लिए सिर्फ एक ऑप्शन होगा।
ट्रंप ने करीब एक साल पहले जो बाइडेन पर तंज कसा था। ट्रंप ने कहा था, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति चाहें तो रूस और यूक्रेन की जंग 24 घंटे में खत्म हो सकती है। मैं अगर 2024 में दोबारा प्रेसिडेंट बना तो ये करके भी दिखाऊंगा।’
Compiled: up18 News