हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) से कांग्रेस के गठबंधन की चर्चाओं पर पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा भड़क गए हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो उन्होंने इसको लेकर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के सामने भी अपनी नाराजगी जताई है। यहां तक कि हुड्डा ने पार्टी छोड़ने की धमकी दी है। पूर्व सीएम अपने बेटे और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। हालांकि प्रत्यक्ष तौर पर हुड्डा खेमा इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहा है।
इनेलो ने हरियाणा में होने वाली 25 सितंबर को सम्मान दिवस रैली का न्योता सोनिया गांधी को भेजा है। हुड्डा ने संकेत दिए हैं कि वह इस रैली में शामिल नहीं होंगे।
I.N.D.I.A गठबंधन पर हरियाणा में घमासान तय
हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर I.N.D.I.A गठबंधन की हिस्सा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) में घमासान तय है। 25 सितंबर को पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल के जयंती समारोह में कैथल में यदि इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) भी I.N.D.I.A का हिस्सा बन जाता है तो यह घमासान और ज्यादा बढ़ जाएगा।
अपने को मजबूत मान रहे हुड्डा
2019 लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर ताल ठोक चुके पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लग रहा है कि इस बार वह सबसे मजबूत स्थिति में है। ऐसे में पूर्व सीएम अपने पूर्व में सहयोगी दल AAP और संभावित सहयोगी दल INLD के लिए उनकी पसंद की लोकसभा सीटों को छोड़ देगी, इसकी संभावना बहुत कम नजर आ रही है।
सीटों के बंटवारे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल व इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला के बीच विवाद होना तय माना जा रहा है।
इनेलो इन सीटों पर करेगी दावा
इनेलो के अभय सिंह चौटाला यह स्पष्ट संकेत दे चुके हैं, जब राज्य की 10 लोकसभा सीटों के बंटवारे की बात आएगी तो इनेलो की ओर से सिरसा, हिसार और भिवानी की लोकसभा सीटों पर दावा किया जाएगा। वहीं AAP की ओर से कांग्रेस से सिरसा व अंबाला लोकसभा सीट भी मांगी जा सकती है।
दिग्गज अपनी सीट छोड़ने को नहीं होंगे तैयार
हरियाणा में लोकसभा चुनाव में यदि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का दबाव भी रहा तो हुड्डा सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़ समेत कोई सीट आसानी से छोड़ने को तैयार हो जाएंगे, इसकी संभावना बहुत कम है। कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा अंबाला से चुनाव लड़ने को तैयार हैं। किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी महेंद्रगढ़-भिवानी से दावेदार हैं।
कैप्टन अजय यादव गुरुग्राम से तैयारी कर रहे हैं। पिछला लोकसभा चुनाव स्वयं भूपेंद्र हुड्डा ने सोनीपत से और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा ने रोहतक से लड़ा था। हालांकि वह दोनों चुनाव हार गए थे, इसके बावजूद वह इन तीनों दलों में लोकसभा सीटों के बंटवारे पर कोई सहमति नहीं बनाना चाहते हैं।
Compiled: up18 News