‘नागबंधम’ का फर्स्ट लुक आउट: पार्वती के किरदार में नभा नतेश ने बढ़ाया सस्पेंस; पोस्टर ने जगाई दर्शकों में उत्सुकता

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग)। भारतीय पौराणिकता, संस्कृति और रहस्य की परतों में उतरने वाली अपकमिंग पैन-इंडिया फिल्म ‘नागबंधम’ ने अपने पहले ही विज़ुअल से दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ा दी है। फिल्म में पार्वती के अहम किरदार में नजर आने वाली अभिनेत्री नभा नतेश का पोस्टर हाल ही में रिलीज़ हुआ, जो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है।

पोस्टर में नभा नतेश पारंपरिक भारतीय साड़ी में बेहद गरिमामयी, शांत और दिव्य दिखाई दे रही हैं। उनका यह लुक सिर्फ सौंदर्य का प्रतीक नहीं, बल्कि पार्वती के चरित्र में मौजूद आस्था, संयम और आत्मिक शक्ति को भी दर्शाता है। पोस्टर में उनकी उंगली पर बैठा एक खूबसूरत पक्षी रहस्य का संकेत देता है, जबकि बैकग्राउंड में मंदिर, मोर और आध्यात्मिक वातावरण फिल्म की भारतीय सांस्कृतिक जड़ों को और मजबूत करता है।

मेकर्स ने इस पोस्टर के साथ फिल्म का टाइटल ‘नागबंधम’ भी सामने रखा और कैप्शन में लिखा “रहस्यों से भरी दुनिया में, उसका विश्वास ही उसकी किस्मत बन जाता है।”

यह पंक्ति साफ संकेत देती है कि फिल्म की कहानी विश्वास, रहस्य और आध्यात्मिकता के इर्द-गिर्द बुनी गई है।

नभा नतेश का यह अवतार उनके करियर के सबसे अलग और परिपक्व किरदारों में से एक माना जा रहा है। तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री नभा को 2019 की सुपरहिट फिल्म ‘स्मार्ट शंकर’ से बड़ी पहचान मिली थी, जिसके बाद वह ‘स्मार्ट ब्यूटी’ के नाम से चर्चित हुईं। अब ‘नागबंधम’ में वह एक बिल्कुल नए, गंभीर और सांस्कृतिक रूप में दर्शकों के सामने होंगी।

फिल्म की टैगलाइन ‘द सीक्रेट ट्रेजर’ कहानी में छुपे गहरे रहस्य की ओर इशारा करती है, जिसे परत-दर-परत उजागर किया जाएगा। यही रहस्य और आध्यात्मिकता का मेल ‘नागबंधम’ को एक अलग पहचान देने वाला है।

फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और निर्देशन अभिषेक नामा ने संभाला है। वहीं, इसे किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागीरेड्डी प्रोड्यूस कर रहे हैं। मेकर्स इसे समर 2026 में पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज़ करने की तैयारी में हैं।

पार्वती के रूप में नभा नतेश का यह पहला लुक सिर्फ एक किरदार की झलक नहीं, बल्कि एक ऐसी सिनेमाई यात्रा का संकेत है, जहां आस्था, रहस्य और भारतीय संस्कृति मिलकर एक नई और दिलचस्प कहानी रचने जा रहे हैं।