मशहूर जादूगर ओपी शर्मा का निधन, आखिरी प्रोग्राम में कहा था- मैं रहूं या न रहूं जादू चलता रहेगा

Regional

देश विदेश के जाने-माने जादूगर ओपी शर्मा ने 71 साल की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया। ‌‌ओपी शर्मा के निधन के साथ ही भारत में ‘जादूगरी’ के एक अध्याय के सफर का हमेशा के लिए अंत हो गया। अपनी जादुई कला से दुनिया को दीवाना बनाने वाले उत्तर प्रदेश के कानपुर बर्रा निवासी ओपी शर्मा का शनिवार देर रात निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। ‌कुछ समय पहले वह कोरोना संक्रमित भी हो गए थे। ‌ वे अस्पताल में भर्ती थे।

कानपुर के लोगों को यह दोबारा बड़ा झटका है। ‌ 25 दिन पहले देश के मशहूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का भी निधन हो गया था। ‌ वह भी कानपुर के निवासी थे और लोगों में खूब लोकप्रिय थे। ओपी शर्मा ने अपनी जादू की कला से देश-विदेश में बड़ा नाम कमाया। उन्होंने राजनीति में भी किस्मत आजमाई, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।

उनका कहना था कि जिसकी शुरुआत होती है, उसका अंत भी होता है। ये प्रकृति का नियम है। मैं रहूं या न रहूं जादू चलता रहेगा। कुछ समय पहले ओपी शर्मा ने अपने आखिरी शो में उन्होंने कहा था कि जिसकी शुरुआत होती है, उसका अंत भी होता है। ये प्रकृति का नियम है। मैं रहूं या न रहूं जादू चलता रहेगा।

शो के बीचोंबीच ये पता चलने पर कि ‘जादूगर’ का शो अंतिम पड़ाव पर है तो दर्शक दीर्घा में बैठे कुछ लोग भावुक हो गए थे। यूपी के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी शोक जताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। इसके साथ कानपुर में कई राजनीतिक दलों और तमाम जानी-मानी हस्तियों ने जादूगर ओपी शर्मा के निधन पर गहरा शोक जताया है। ‌ बता दें कि ओपी शर्मा ने देश-विदेश में करीब 34 हजार से अधिक जादू के शो किए। देश के अधिकांश शहरों में ओपी शर्मा ने अपने शो के द्वारा जादूगरी दिखाई।

-up18news