गोरखपुर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राजनीतिक गढ़ गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) ने शक्ति प्रदर्शन किया है। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को गोरखपुर में एक विशाल रोड शो किया। गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू होकर चौरी-चौरा क्षेत्र के देवकाही गांव तक लगभग 20 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के जरिए सपा प्रमुख ने ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) का सियासी संदेश देने की पुरजोर कोशिश की।
’पीडीए रथ’ पर सवार होकर निकले अखिलेश यादव
तय कार्यक्रम के अनुसार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव बुधवार दोपहर गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां हजारों की संख्या में मौजूद सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे अपने विशेष ‘पीडीए रथ’ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए।
इस 20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह सपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और समर्थकों का भारी हुजूम देखने को मिला। रोड शो को सफल बनाने के लिए गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था।
शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण
रोड शो के अंतिम पड़ाव देवकाही गांव पहुंचने पर अखिलेश यादव ने महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही वे पूर्व भाजपा नेता स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी सम्मिलित हुए और उन्हें नमन किया।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का तीखा हमला
दूसरी तरफ, लखनऊ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के इस रोड शो पर कड़ा प्रहार किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने तंज कसा,
“अखिलेश यादव चाहे गोरखपुर में यात्रा निकालें, सैफई में यात्रा निकालें या लखनऊ में यात्रा निकालें… समाजवादी पार्टी का भविष्य अंधकार में था, है और रहेगा। समाजवादी पार्टी अभी वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश की सत्ता के लिए मुंगेरी लाल के हसीन सपने ज़रूर देख सकती है, लेकिन धरातल पर वे सत्ता में कभी वापस नहीं आ सकते। यह बात अखिलेश यादव को भी अच्छी तरह पता है।”


