मथुरा। बरसाना में राधा जन्मोत्सव के दौरान दर्शन करने के लिए आए दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। शासन से पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। मृतकों में एक महिला श्रद्धालु शामिल है। प्रयागराज की रहने वाली 60 वर्षीय श्रद्धालु राजमणि राधारानी के दर्शन करने अपने परिवार के साथ बरसाना पहुंची थीं। सुबह चार बजे वह अभिषेक के दर्शन करने सीढ़ियों से लाड़ली जी मंदिर जा रही थीं।
पुलिस-प्रशासन के अनुसार उनकी शुगर बढ़ जाने के कारण मृत्यु हुई है। महिला श्रद्धालु को उनके परिजन बरसाना सीएचसी ले गये, जहा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उधर कस्बा के सुदामा चौक पर एक 75 वर्षीय बुजुर्ग बेहोश हो गए उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनको मृत घोषित किया गया।
– एजेंसी