सपा से भाजपा में गए दारा सिंह की घर वापसी, प्रदेश अध्‍यक्ष ने किया स्‍वागत

Politics

लोकसभा चुनाव से पहले सपा को झटका

लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। दारा सिंह चौहान के समाजवादी पार्टी से भाजपा में वापसी से अखिलेश यादव को चुनावी समीकरण बनाने में परेशानी हो सकती है। दारा सिंह चौहान पूर्वांचल में ओबीसी राजनीति का एक अहम चेहरा माने जाते हैं। अखिलेश ने पिछले दिनों पिछड़े और दलित समाज को एकजुट कर फ्रंट बनाने और भाजपा को प्रदेश में चुनौती देने की रणनीति तैयार की। इस राजनीतिक समीकरण में दारा सिंह चौहान की भूमिका को भी अहम माना जा रहा था। दो बार के राज्यसभा और एक बार के लोकसभा सांसद और यूपी सरकार के पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान का पार्टी छोड़ना उनके लिए पूर्वांचल के राजनीतिक समीकरण को तैयार करने में दिक्कत खड़ी करने वाला हो सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दारा सिंह चौहान की भाजपा में वापसी के बाद उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को उनके आने से मजबूती मिलेगी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी उनका स्वागत करते हुए पार्टी का पुराना साथी करार दिया।

बृजेश पाठक ने दारा सिंह चौहान का स्वागत करते हुए कहा कि देश में पीएम मोदी और प्रदेश में योगी सरकार के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का परिणाम है। पुराने साथी अब साथ आ रहे हैं। वहीं, दारा सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी के साथ मिलकर प्रदेश और देश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का कार्य करेंगे।

Compiled: up18 News