आगरा में कांग्रेस की मंडलीय शंखनाद रैली में नहीं जुटी भीड़, खाली कुर्षियों के बीच माइक को लेकर मंच पर ही भिड़े नेता

Politics

आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर आगरा से चुनावी बिगुल फूंकने पहुंची कांग्रेस पार्टी को शनिवार को अपनी शंखनाद रैली में भारी मायूसी का सामना करना पड़ा। आगरा ग्रामीण और खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूती देने के इरादे से रोहता में आयोजित मंडलीय शंखनाद रैली में दो हजार लोगों का भी जमावड़ा नहीं हो सका। एक ओर जहां पंडाल में पड़ी खाली कुर्सियां पार्टी के कमजोर जनाधार की गवाही देती रहीं, वहीं दूसरी तरफ मंच पर वरिष्ठ नेताओं के बीच माइक को लेकर हुई तकरार ने संगठन की गुटबाज़ी को उजागर कर दिया।

​आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा (मोना) समेत पार्टी के कई शीर्ष पदाधिकारियों का जमावड़ा होना तय था। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष तय समय से करीब चार घंटे विलंब से कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। उनके आने से पहले स्थानीय पदाधिकारी मंच से जनता को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच मंच पर महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और कांग्रेस नेता मुकेश डागुर के बीच भाषण देने और माइक हाथ में लेने को लेकर तनातनी हो गई। देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस छिड़ गई और नौबत आमने-सामने की धक्का-मुक्की तक आ पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख मंच पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

माइक छीनने को लेकर आपस में उलझे नेता, कार्यकर्ताओं ने कराया बचाव

​रैली के दौरान महानगर अध्यक्ष अमित सिंह माइक पर अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान मुकेश डागुर ने अपना वक्तव्य देने के लिए माइक मांगना चाहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिसने जल्द ही बड़े विवाद का रूप ले लिया।

​वायरल वीडियो में अमित सिंह यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि मुकेश भाई को बोलने से रोका नहीं गया, लेकिन उनका तरीका अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मंच किसी एक व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी का है। यहां संगठन में नए सदस्यों को जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है, इसलिए सभी पदाधिकारियों को संयम और एकजुटता का परिचय देना चाहिए।

​तत्पश्चात, एक कार्यकर्ता ने मुकेश डागुर को माइक थमाया। माइक संभालते ही मुकेश डागुर ने भी अपना आक्रोश जताते हुए कहा कि वे शिक्षा जगत से आते हैं और अभद्रता करना उन्हें भी आता है, लेकिन वे किसी की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने साफ किया कि वे केवल दो अहम बिंदु जोड़ना चाहते थे और किसानों की समस्याओं को उठाना चाहते थे। दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में हुए इस कलह से कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच भारी असहजता और निराशा का माहौल बन गया।

​प्रदेश अध्यक्ष के आगमन तक खाली हो गया पंडाल

कांग्रेस की ओर से आगरा मंडल के चारों जिलों—आगरा, फिरोजाबाद आदि से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाने का दावा किया गया था। यद्यपि मैदान में दो हजार लोगों के बैठने का भी पर्याप्त इंतजाम नहीं था, फिर भी जनसमूह उससे कहीं कम नजर आया। इसके अतिरिक्त रैली में पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने की शिकायतें भी सामने आईं, जिसके कारण लोग बीच में ही उठकर जाने लगे।

प्रदेश अध्यक्ष के आगमन में हो रही अत्यधिक देरी की वजह से पंडाल से लोगों की रवानगी जारी रही। नतीजतन, लगभग चार घंटे की देरी से जब आराधना मिश्रा मंच पर पहुंचीं और अपना वक्तव्य शुरू किया, तब तक पंडाल की अधिकांश कुर्सियां खाली हो चुकी थीं। खाली पड़े पंडाल के वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस की जनसभा प्रबंधन क्षमता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

गठबंधन में सीटों के चयन पर दो दिनों में होगी अहम बैठक

विधानसभा चुनाव 2027 के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत सीट बंटवारे के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अपनी प्रस्तावित सूची सौंप चुकी है। आगामी दो दिनों में गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें सीटों पर अंतिम चर्चा की जाएगी। लखनऊ और दिल्ली में दोनों दलों के आलानेता बातचीत का दौर आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने गठबंधन वार्ता को सकारात्मक बताते हुए जल्द सर्वसम्मति बनने का दावा किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी जाति या धर्म के आधार पर विभाजनकारी राजनीति नहीं की है, बल्कि हमेशा सर्वसमाज के हक की आवाज उठाई है। गठबंधन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए ओवैसी की उम्मीदवारी पर उन्होंने कहा कि 2022 और 2024 के चुनावों में उन्हें 0.5 प्रतिशत से भी कम जनादेश मिला था, और उत्तर प्रदेश की जनता बेहद परिपक्वता से अपना फैसला लेगी।

​भारतीय जनता पार्टी पर धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति का आरोप

​भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल धर्म और जन-आस्था की आड़ में राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीराम के नाम पर सत्ता पाने के बाद चंदे और चढ़ावे में हेरफेर के आरोप सामने आना सनातन धर्म में विश्वास रखने वालों की भावनाओं से खिलवाड़ है। अयोध्या और काशी में भाजपा की पराजय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब वे मथुरा की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन बांके बिहारी जी का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है। आगरा में रोजगार और औद्योगिकीकरण की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जो शहर कभी पूरे देश को रोजगार देने के लिए जाना जाता था, आज वहां नए उद्योग धंधे ठप हो रहे हैं। कांग्रेस इन जनहित के मुद्दों को जोर-शोर से उठाएगी।

​प्रदेश प्रभारी ने भाजपा पर लगाया जनादेश और आस्था चुराने का आरोप

​जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी ने भी भाजपा सरकार पर प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का काम केवल दूसरी पार्टियों के नेताओं, सांसदों और जनता के वोट चुराना रह गया है। उन्होंने किसान हित, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान, बढ़ती बेरोजगारी, दलितों पर अत्याचार, महिला सुरक्षा और युवाओं की शिक्षा जैसे मुद्दों को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि अन्नदाता को उसकी फसल का वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा और चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपया बकाया है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इन सभी समस्याओं को लेकर भाजपा के खिलाफ मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेंगे। सीटों के तालमेल पर उन्होंने भी दोहराया कि कांग्रेस अपनी सूची दे चुकी है और 22 तथा 24 नवंबर को प्रस्तावित बैठकों में इस पर निर्णायक चर्चा होगी।