अमेरिका से 119 प्रवासी भारतीयों को लेकर आया एक और विमान, पंजाब में उतारने पर हो रहा विवाद

National

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में आज सुबह दस बजे अमेरिका से एक और विमान पहुंचा। इसमें अवैध भारतीयों को वापस लाया गया है। इसी हफ्ते अमेरिका से एक और जहाज भारतीयों को वापस लाएंगे। आज जो विमान वापस आया है, उसमें 119 गैरकानूनी प्रवासी हैं। इन प्रवासियों को भी बेड़ियों और हथकड़ियों में लाया गया है या नहीं, इसकी जानकारी अधिकारियों ने नहीं दी है। दूसरा जहाज कब आएगा, इसकी जानकारी अभी नहीं है।

गौरतलब है कि विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी सरकार से कहा था कि प्रवासियों के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया जाए। इस बीच पीएम मोदी भी अमेरिका दौरे पर गए थे। लोगों को उम्मीद है कि इसका कुछ असर दिखना चाहिए। याद रहे, दस दिन पहले ही एक अमेरिकी सैन्य विमान सी-17 ग्लोबमास्टर 104 लोगों को वापस लाया था।

वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि केंद्र सरकार जानबूझकर पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। पंजाब के सीएम का कहना है कि अमृतसर जैसे पवित्र शहर को डिपोर्टेशन सेंटर बनाया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, दूसरे जहाज़ में आने वाले 119 लोगों में से 67 पंजाब से हैं। 33 हरियाणा से, 8 गुजरात से, 3 उत्तर प्रदेश से, 2-2 गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से और 1-1 हिमाचल और जम्मू-कश्मीर से हैं। हालांकि, इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तीसरे जहाज के आने का समय भी अभी तय नहीं है।

जब 5 फरवरी को पहला जहाज अमेरिका से आया था, तब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाया था कि अमृतसर को ही क्यों चुना गया? भगवंत मान ने कहा कि वो इस कदम की आलोचना करते हैं, लेकिन फिर भी वापस आने वालों का स्वागत करेंगे। उन्हें स्वर्ण मंदिर के लंगर में खाना खिलाएंगे और उनके पुनर्वास के लिए हर संभव मदद करेंगे। मान ने आरोप लगाया कि यह जानबूझकर संदेश देने की कोशिश है कि केवल पंजाबी ही गैरकानूनी तरीके से विदेश जाते हैं।

उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय को इन जहाज़ों को दिल्ली या अहमदाबाद भेजना चाहिए। पंजाब सरकार अपने लोगों को सम्मान के साथ वापस लाएगी। लेकिन हमारा मानना है कि गैरकानूनी प्रवास केवल पंजाब की नहीं, बल्कि पूरे देश की समस्या है। बता दें कि वापस भेज जा रहे ये लोग अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से रह रहे थे। अब अमेरिकी सरकार उन्हें वापस उनके देश भेज रही है। ऐसे लोगों को ‘डिपोर्टी’ कहा जाता है। ‘डिपोर्टेशन सेंटर’ वो जगह होती है जहाँ इन्हें वापस लाया जाता है। अमृतसर में लगातार ऐसे जहाज़ आ रहे हैं, इसीलिए भगवंत मान ने इसे ‘डिपोर्टेशन सेंटर’ कहा है।