कांग्रेस अध्‍यक्ष खड़गे ने सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि

Politics

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस मुख्यालय में पटेल और इंदिरा के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “सरदार पटेल की लौह इच्छाशक्ति ने भारत को एकजुट किया। उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उन्होंने जो लौ जलाई थी उसे बरकार रखा जाए।”

उन्होंने अपनी दादी इंदिरा गांधी को याद करते कहा, “दादी, आपका प्यार और संस्कार दोनों दिल में ले कर चल रहा हूं। जिस भारत के लिए आपने अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया, उसे बिखरने नहीं दूंगा।”

खरगे ने ट्वीट किया, “भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनके बलिदान दिवस पर मेरा नमन। कृषि हो, अर्थव्यवस्था हो या फिर सैन्य बल, भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाने में इंदिरा जी का योगदान अतुलनीय है।”

पार्टी के अन्य नेताओं ने भी पटेल और इंदिरा को याद किया। पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नाडियाड में हुआ था। सरदार पटेल भारत के पहले गृहमंत्री थे और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण का श्रेय उनकी सियासी और कूटनीतिक क्षमता को दिया जाता है।

देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को प्रयागराज में हुआ था। वह जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक प्रधानमंत्री रहीं। इसके बाद 1980 में वह फिर से प्रधानमंत्री बनीं। उनकी 31 अक्टूबर 1984 को उनके अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी।

राहुल गांधी ने ट्वीट के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का एक वीडियो भी शेयर किया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं. 150 दिनों की यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई है और 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए श्रीनगर में खत्म होगी.

-Compiled by up18 News