शीतलहर का असर: यूपी में 12वीं तक के सभी स्कूल 5 जनवरी तक बंद, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

Regional

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और तेज शीतलहर के बीच छात्रों को बड़ी राहत दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों को 5 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश प्रदेश के सभी बोर्ड सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड पर समान रूप से लागू होगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रदेशभर में परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों से लेकर सहायता प्राप्त तथा मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। लखनऊ सहित कई जिलों के जिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने स्तर पर स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

प्रशासन को मैदान में उतरने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और जरूरतमंदों के लिए कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, ताकि शीतलहर के प्रभाव को कम किया जा सके।

रैन बसेरों को लेकर सख्त हिदायत

शीतलहर को देखते हुए रैन बसेरों के संचालन पर विशेष जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जरूरतमंदों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाने और अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रदेश में ठंड का कहर बरकरार

प्रदेश के कई जिलों में धूप निकलने के बावजूद सर्द हवाओं का असर बना हुआ है। बीते 24 घंटों में बाराबंकी का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मेरठ में दिन का तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा और वेस्ट यूपी के कई इलाकों में दिनभर धूप नदारद रही।

मौसम विभाग के अनुसार गोरखपुर में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री, हरदोई में 4.5 डिग्री, अयोध्या में 5.0 डिग्री, सुलतानपुर में 5.2 डिग्री और बरेली में 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कानपुर में रात का तापमान 5.6 डिग्री तक गिर गया। पछुआ हवाओं के चलते दिन में भी ठंड का असर बना रहा। बस्ती में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम होकर 18 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि आगरा, अलीगढ़, इटावा और फतेहगढ़ में भी तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री नीचे रहा।