सीएम योगी के कड़े तेवर: जांच में गलत रिपोर्ट लगाई तो सीधे दर्ज होगी FIR, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Regional

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन-प्रशासन के अधिकारियों को दो-टूक चेतावनी दी है कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में कोई भी लापरवाही या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी मामले में गलत रिपोर्ट लगाकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की गई, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सीधे FIR दर्ज कराई जाए।

निष्पक्ष जांच और समयबद्ध समाधान पर जोर

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने करीब 150 लोगों की समस्याएं व्यक्तिगत रूप से सुनीं। कुछ पीड़ितों ने शिकायत की कि उनके मामलों में अधिकारियों ने गलत तथ्य पेश कर रिपोर्ट लगा दी है। इस पर नाराजगी जताते हुए सीएम ने कहा, “किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, हर समस्या का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होगा। हीलाहवाली करने वालों पर कार्रवाई तय है।”

इलाज के लिए आर्थिक मदद और बच्चों को स्नेह

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को सीएम ने आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल के एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजने का निर्देश दिया। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने साथ आए बच्चों को चॉकलेट दी और उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

गोसेवा से की दिन की शुरुआत

इससे पहले मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। गुरु गोरखनाथ का पूजन करने के बाद उन्होंने मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा की और गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया। उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर भी पुलिस को विधिसम्मत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।