अयोध्‍या पहुंचे सीएम योगी, संकट मोचन के दर्शन कर राम मंदिर निर्माण की प्रगति देखी

Regional

मुख्यमंत्री अयोध्या में करीब 18 घंटे बिताए। भगवान का दर्शन पूजन कर उन्होंने जहां एक ओर अपनी आस्था अर्पित की तो वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर शासकीय दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने अयोध्या वासियों से अपना नेह-नाता हनुमानगढ़ी पर लोगों का अभिवादन कर और प्रगाढ़ किया।

उन्होंने अयोध्या दौरे की शुरुआत संकट मोचन के दर्शन-पूजन से की। उन्होंने हनुमानगढ़ी में बजरंगबली का दर्शन-पूजन किया। संकट मोचन का दर्शन कर सीएम ने सुखी-स्वस्थ उत्तर प्रदेश की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रामलला का दर्शन व आरती की। रामलला के दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति जानी।

ट्रस्ट व निर्माण एजेंसी से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री को मंदिर निर्माण की प्रगति से अवगत कराया।

योगी ने रामजन्मभूमि परिसर में कार्यरत श्रमिकों से भी हालचाल पूछा। दर्शन-पूजन के उपरांत उन्होंने आयुक्त सभागार में रामनगरी की विकास योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से वर्तमान समय में चल रहे कार्य की प्रगति जानी। हालांकि, अयोध्या नगर से आयुक्त सभागार तक पहुंचने के लिए उन्हें सड़क मार्ग से नाका होते हुए शहर के भीतर से आना पड़ा। इस दौरान उनकी एक झलक पाने की लोगों की लालसा भी सातवें आसमान पर दिखी।

Compiled: up18 News