आगरा: फतेहपुर सीकरी विधानसभा से पांच बार विधायक रहे चौधरी बदन सिंह का निधन

Politics

आगरा: फतेहपुर सीकरी विधानसभा से पांच बार विधायक रहे चौधरी बदन सिंह का आज गुरुवार की दोपहर निधन हो गया। वे 97 वर्ष के थे। पूर्व विधायक होने के साथ-साथ उन्होंने लेखक, कवि के रूप में भी ख्याति पाई थी।

सामाजिक व राजनीतिक आंदोलनों में उन्होंने तीस से अधिक बार जेल यात्राएं भी की। उन्हें राजनीति का भीष्म पितामह कहा जाता था। लोकतंत्र रक्षक सेनानी के रूप में नवाजे जा चुके चौधरी बदन सिंह को वर्ष 2021 में प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भी सम्मानित किया था।

उनके पुत्र डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि चौधरी बदन सिंह का अंतिम संस्कार कल दो दिसम्बर को ग्राम रिठौरा, थाना कागारौल, तहसील किरावली, आगरा में प्रातः नौ बजे होगा। उनके निधन से शोक की लहर है। चारबाग, शाहगंज, आगरा स्थित उनके शहरी निवास स्थान पर उनके चाहने वाले पहुंच रहे हैं।

फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में चौधरी बदन सिंह के आगे चुनाव मैदान में अच्छे-अच्छे धुरंधर पसीने छोड़ते थे, लेकिन उनकी संतानों ने राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।

फतेहपुर सीकरी से पांच बार के विधायक चौधरी बदन सिंह साहित्यकार भी थे। ब्रजभाषा पर उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी। चौधरी बदन सिंह ने तीन पुस्तकें लिखी हैं। उनकी पहली पुस्तक ब्रज के ब्याह गीत के नाम से है, जिसमें 170 गीतों का संकलन है।