मथुरा/वृन्दावन: श्री ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के समय में हुआ परिवर्तन

Religion/ Spirituality/ Culture

वृंदावन। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर हुए हादसे के बाद से मंदिर में लगातार भक्तों का दवाब कम होने का नाम नहीं ले रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासक सिविल जज जूनियर डिवीजन ने मंदिर के दर्शन समय में बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए हैं। अब बदले गए समय के अनुसार ठाकुर बांकेबिहारी जी सुबह और शाम साढ़े पांच घंटे भक्तों को दिन में कुल 11 घंटे दर्शन देंगे।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर प्रशासक सिविल जज जूनियर डिवीजन ने तत्काल प्रभाव से मंदिर के दर्शन समय में बढ़ोतरी करते हुए शरद ऋतु में सुबह 7.30 से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 4 से 9.30 तक करने के आदेश दिए हैं, जबकि ग्रीष्मकालीन समय परिवर्तन कुछ इस प्रकार होगा। सुबह 7 से दोपहर 12.30 बजे तक और शाम 5 से रात 10.30 तक होगा। जबकि अब तक मंदिर के दर्शन का समय सुबह 8.45 से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम को 4.30 से रात 8.30 तक है।

मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा ने बताया आदेश मिलने के बाद सेवायतों से दर्शन समय बढ़ाने को लेकर व्यवस्था बनाने पर मंथन चल रहा है। एक दो दिन में नई व्यवस्था शुरू हो जायेगी।