गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में मंगलवार सुबह हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चिलुआताल थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की बेरहमी से हत्या के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
अखिलेश यादव का ‘एक्स’ (Twitter) पर प्रहार
घटना के तुरंत बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने लिखा, “उप्र में लॉ एंड आर्डर को ही गोली मार दी गयी है। अब भाजपाई आस्तीनी अपराधी ही भाजपा सरकार का एनकाउंटर कर रहे हैं, जिन्हें भाजपाइयों ने भूमिगत तरीके से पाला-पोसा है।” अखिलेश ने आगे सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्य नगर गोरखपुर में दिनदहाड़े हुआ यह हत्याकांड बताता है कि बेखौफ अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान घेरकर मारी गोली
जानकारी के अनुसार, बरगदवा गांव निवासी राजकुमार चौहान मंगलवार सुबह करीब 5 बजे टहलने निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने उनके सीने, गर्दन और सिर में गोलियां मारीं। बर्बरता की हद पार करते हुए बदमाशों ने गोली मारने के बाद भी उन पर चाकू से कई वार किए। ग्रामीणों के मौके पर पहुँचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए।
पुलिस की जांच और रंजिश का एंगल
मृतक राजकुमार चौहान की भयहू (छोटे भाई की पत्नी) राजेंद्र नगर पश्चिमी वार्ड की पूर्व पार्षद रही हैं, जिससे इस मामले के तार राजनीतिक और पुरानी रंजिश से जुड़ते दिख रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक रेस्टोरेंट संचालक समेत दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
गोरखपुर पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और फरार शूटरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

