प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों और आरक्षण व्यवस्था को लेकर जारी भारी विरोध के बीच अब सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर ही मतभेद और अंदरूनी कलह खुलकर सामने आने लगी है। प्रयागराज की उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम में UGC को लेकर सवाल पूछने वाले ब्राह्मण युवाओं पर हुई हिंसा और पुलिसिया कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया है।
;विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि UGC के नियमों का विरोध करना हर सवर्ण और ब्राह्मण का अधिकार है। अपनी ही पार्टी के पार्षद द्वारा युवक को थप्पड़ मारने की घटना से नाराज विधायक ने सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोलते हुए ‘विभीषण’ वाली विवादित टिप्पणी से अपनी ही पार्टी के नेताओं को आईना दिखाया है।
”कोई अपने बच्चे का नाम विभीषण नहीं रखता”— विधायक की तीखी पोस्ट
भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा “UGC का विरोध करना हर ब्राह्मण और सवर्ण का हक है… जिन लोगों ने अपना नंबर बढ़ाने के लिए अपने ही समाज के लोगों पर कल हिंसा की है, वे भली-भांति जान लें कि कोई अपने बच्चे का नाम ‘विभीषण’ नहीं रखता।”
विधायक का यह कड़ा बयान रविवार को प्रयागराज के परेड ग्राउंड में आयोजित ‘प्रबुद्ध ब्राह्मण सम्मेलन’ के दौरान हुए जबरदस्त हंगामे और उसके बाद वायरल हुए थप्पड़ कांड के वीडियो के बाद सामने आया है।
केशव मौर्य के भाषण के दौरान उठा था UGC का मुद्दा
उल्लेखनीय है कि प्रयागराज के परेड ग्राउंड में रविवार को प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मौजूद थे। जब केशव मौर्य मंच से संगम क्षेत्र में होने वाले आगामी माघ मेले की तैयारियों और सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दे रहे थे, तभी डी-एरिया में मौजूद दो युवकों ने हाथ उठाकर UGC नियमों पर सवाल पूछना शुरू कर दिया।
युवकों का कहना था कि “केशव जी, UGC के बारे में भी कुछ बोलिए… क्या आप इस पर अपना स्टैंड स्पष्ट करेंगे?” इस पर डिप्टी सीएम ने नाराजगी जताते हुए युवकों से कहा, “चुप रहो, चलो… मैं सब कुछ बोलूंगा, मैं किसी मुद्दे पर बोलने से नहीं रुकता।” इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों को पकड़कर सभास्थल से बाहर निकालना शुरू कर दिया।
पार्षद विनय मिश्रा ने मारा थप्पड़, पुलिस ने पीड़ित को ही हिरासत में लिया
जब पुलिस बल दोनों युवाओं को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जा रहा था, तभी अल्लापुर के भाजपा पार्षद विनय मिश्रा वहां पहुंचे और उन्होंने युवकों से सवाल पूछने का कारण पूछा। इस पर एक युवक ने जवाब दिया कि वह खुद भाजपा का कार्यकर्ता है और अगर वह अपने नेता से सवाल नहीं करेगा तो किससे करेगा। इसी बहसबाजी के बीच पार्षद विनय मिश्रा ने युवक को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसके बाद पुलिस ने थप्पड़ मारने वाले पार्षद पर कार्रवाई करने के बजाय सवाल पूछने वाले युवकों को ही हिरासत में ले लिया। घटना का वीडियो सोमवार को तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद अब भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेई के खुले विरोध ने प्रयागराज से लेकर लखनऊ तक की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है।

