आगरा। भाजपा के महानगर और जिलाध्यक्ष अपराह्न में घोषित होने जा रहे हैं। भाजपा अध्यक्षों के नाम इस बार मोबाइल से बाहर आएंगे। पार्टी यह सब कुछ उसी तर्ज पर करने जा रही है जैसा कि विधान मंडल दल की बैठकों में मुख्यमंत्री के चयन के समय होता है। पार्टी के प्रमुख लोगों की मौजूदगी में चुनाव अधिकारी नये अध्यक्षों का ऐलान करेंगे।
ऐसा पहली बार होने जा रहा है जब भाजपा के नव निर्वाचित अध्यक्षों के नाम चुनाव अधिकारी घोषित करेंगे। भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी महेंद्र नाथ पांडेय के निर्देश पर उन सभी जिलों के चुनाव अधिकारी अपने-अपने जिलों में पहुंच चुके हैं, जहां के जिलाध्यक्ष घोषित किए जाने हैं। भाजपा आज सभी जिलाध्यक्षों के नाम घोषित नहीं करेगी। कुछ जिलों के अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद घोषित किए जाएंगे।
31 दिसम्बर को घोषित होने थे जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्षों की घोषणा ढाई महीने की देरी से होने जा रही है। यह काम 31 दिसंबर 2024 तक पूरा करने की तारीख तय की गई थी। इस तिथि पर यह काम न हो पाने पर नई तारीख 15 जनवरी तय की गई थी। 7 से 10 जनवरी के बीच जिलों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी पार्टी को जिलाध्यक्षों का चयन करने में दो माह से ज्यादा का समय लग गया।
हर जिले में दर्जनों दावेदार
जिलाध्यक्ष पद के लिए इस बार जैसी मारामारी पहले कभी नहीं देखी गई। प्रायः सभी जिलों में दर्जनों दावेदार हैं और हर दावेदार ने पद हासिल करने के लिए अपने स्तर से पूरा दम लगाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक भी अपनी पसंद का अध्यक्ष बनवाने में लगे रहे हैं। उधर पार्टी भविष्य की राजनीति के लिहाज से सामाजिक समीकरण साधने के लिहाज से अध्यक्ष घोषित करना चाहती थी। इसी वजह से प्रदेश स्तर से भेजी गई जिलाध्यक्षों की सूची को केंद्र से दो बार लौटाया गया।
सामाजिक समीकरण सधते दिखेंगे
केंद्रीय नेतृत्व की इच्छा के अनुसार आज घोषित होने वाले जिलाध्यक्षों में दलित, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं का समुचित प्रतिनिधित्व दिखेगा। कोशिश की गई है कि जिलाध्यक्ष पद के जरिए प्रदेश में निवास करने वाली सभी प्रमुख जातियों को खुश किया जा सके।
चुनाव अधिकारियों तक को नहीं मालूम जिलाध्यक्षों के नाम
जिलों के चुनाव अधिकारी आज भले ही जिलाध्यक्षों के नाम घोषित करेंगे, लेकिन इन्हें भी आज सुबह तक जिलाध्यक्षों के नाम नहीं बताए गए थे। चुनाव अधिकारियों को दोपहर दो बजे व्हाट्सएप के जरिए या फिर कॊल कर बताया जाएगा कि उन्हें जिलाध्यक्ष के रूप में इस नाम की घोषणा करनी है। हां, उन्हें कुछ समय पहले जरूर सूचना दे दी जाएगी जो जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं ताकि कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी सुनिश्चित हो सके।
हर जिले में होंगे कार्यक्रम
जिलाध्यक्ष की घोषणा के लिए भाजपा पूरे प्रदेश में दो बजे से कार्यक्रम करने जा रही है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पार्टी का एक फोरम तय किया गया है। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं के भाषण भी होंगे और फिर सभी की मौजूदगी में जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा होगी। विधान मंडल दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम की पर्ची खुलती है। यह कार्यक्रम भी वैसा ही होगा। अंतर केवल इतना है कि यहां पर्ची की जगह जिलाध्यक्ष का नाम मोबाइल से बाहर आएगा।
हर दावेदार की धड़कनें बढी हुई हैं
भाजपा के जिन-जिन नेताओं ने जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है, उन सभी की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। नामांकन के बाद ये सभी दावेदार अपने लिए जमकर भागदौड़ कर चुके हैं। आज उनकी मेहनत का रिजल्ट का दिन है। हर कोई अपने कद के लिहाज से जिलाध्यक्ष पद को लेकर आश्वस्त है, लेकिन हर कोई आशंकित भी क्योंकि किसी को भी तनिक आभास नहीं है कि जिलाध्यक्ष पद किसकी ताजपोशी होने जा रही है।