आगरा: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान मंगलवार, 17 मार्च 2026 को ताजनगरी के प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे जनपद में महिला उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से एक विशाल महिला जनसुनवाई करेंगी। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से फतेहाबाद रोड स्थित नवीन सर्किट हाउस सभागार में आयोजित किया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन के साथ होगी समीक्षा बैठक
जनसुनवाई के साथ-साथ अध्यक्ष महोदया पुलिस आयुक्त या उनके द्वारा नामित वरिष्ठ अधिकारियों, महिला थानाध्यक्ष और संबंधित क्षेत्राधिकारियों के साथ महिला अपराधों की समीक्षा करेंगी। इस बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु जिले में लंबित महिला उत्पीड़न के प्रकरणों का जल्द से जल्द निस्तारण करना और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
एक ही छत के नीचे जुटेंगे कई विभाग
राज्य महिला आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण और कौशल विकास सहित एक दर्जन से अधिक विभागों की समीक्षा की जाएगी। अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहेंगे। अध्यक्ष महिलाओं से संबंधित सरकारी योजनाओं (जैसे- राष्ट्रीय आजीविका मिशन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण और अल्पसंख्यक कल्याण) के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत भी परखेंगी।
पीड़ित महिलाओं से अपील
आयोग की ओर से अपील की गई है कि जनपद की पीड़ित महिलाएं अधिक से अधिक संख्या में सर्किट हाउस पहुँचकर इस जनसुनवाई का लाभ उठाएं। मौके पर प्राप्त होने वाले आवेदनों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए जाएंगे।

