नई दिल्ली। ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे का शिकार हुए लोगों को केन्द्र की ओर से मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। इसी कड़ी में आंध्र प्रदेश सरकार ने भी मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।
2 जून को ओडिशा में हुए भीषण ट्रेन हादसे में 288 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है और लगभग एक हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। इन सभी के लिए पीएमओ और रेल मंत्रालय की ओर से इन सभी के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है, जिस बीच आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने घोषणा की है कि उनकी सरकार की ओर से भी ट्रेन हादसे के पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।
ट्रेन हादसे में पीड़ितों के लिए आंध्र प्रदेश सरकार की ओर से भी मुआवजे की घोषणा कर दी गई है। सीएमओ की ओर से कहा गया है कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 5 लाख रुपये और कम चोटिल हुए लोगों को एक लाख रुपये की मुआवजा दिया जाएगा।
पीएमओ और रेल मंत्रालय की ओर से मुआवजा
हादसे में मारे गए और घायल हुए लोगों को पीएमओ और रेल मंत्रालय की ओर से मुआवजे का ऐलान किया गया है। इस हादसे के बाद पीएमओ की ओर से मृतकों के परिवार के दो-दो लाख रुपये और घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को रेल मंत्रालय की ओर से 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए दो लाख रुपये, मामूली रूप से चोटिलों के लिए 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
– एजेंसी

