ज्ञानवापी परिसर में ASI ने शुरू किया व्यास जी तहखाने और गुंबदों का सर्वे

National

एएसआई की टीम आज ज्ञानवापी के गुंबदों पर चढ़कर सर्वे कर रही है, जिसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई है। सर्वे को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

एएसआई टीम ने सोमवार को ज्ञानवापी परिसर में पश्चिमी दीवार का सर्वे किया। मिट्टी के नमूने भी लिए। इसके जरिये भवन निर्माण की अवधि, उम्र आदि की जानकारी हासिल की जाएगी।

लंच के बाद फिर शुरू किया गया सर्वे, सीढ़ियों के नीचे 2 कलश मिलने का दावा

ज्ञानवापी परिसर में चल रहा एएसआई सर्वे लंच के लिए रोका गया था। हालांकि ढाई बजे से यह फिर शुरू कर दिया गया है। लंच के बाद एएसआई की टीम ने व्यास जी तहखाने और गुंबदों का सर्वे शुरू किया है। इससे पहले एएसआई टीम ने ज्ञानवापी के गुंबदों पर चढ़कर सर्वे किया था। इस दौरान सीढ़ियों के नीचे 2 कलश मिलने का दावा किया जा रहा है।

सीढ़ियों के नीचे दो कलश मिलने का दावा

हिंदू पक्ष के अधिवक्ता सुधीर त्रिपाठी ने दावा किया है कि सोमवार को भी गुंबद के अलग-अलग हिस्से की जांच हुई है, जिसमें दो सीढ़ियां मिली हैं। दो कलश रखे गए हैं। गुंबद की थ्रीडी इमेजिंग और मैपिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि डिजिटल नक्शे में फोटोग्राफ को शामिल किया जा रहा है। इसके साथ ही मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो हिस्सा टूटकर गिरा है, उसे सर्वे में शामिल किया गया है।
तहखाने का किया जा रहा सर्वेक्षण

सुधीर त्रिपाठी के मुताबिक सर्वेक्षण आज सुबह 8 बजे शुरू हुआ. ऐसा लगता है कि गुंबद का सर्वेक्षण पूरा हो गया है। तहखाना का भी सर्वेक्षण किया जा रहा है। मलबा हटाए बिना फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी संभव नहीं है।

हम सर्वेक्षण को लेकर बहुत उत्साहितः रेखा

ASI द्वारा ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण पर हिंदू पक्ष की याचिकाकर्ता रेखा पाठक ने बताया कि आज ‘तहखाना’ खुल सकता है। हम सर्वेक्षण को लेकर बहुत उत्साहित हैं। सुबह उठना और ड्यूटी पर जाना हमारी दिनचर्या बन गई है। हमारा काम निगरानी करना है। सर्वे सुबह 8 बजे शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा।

Compiled: up18 News