तिहाड़ से रिहा होते ही राजपाल यादव ने भतीजी की शादी में मचाया धमाल, ‘तेरी चुनरिया’ पर डांस का वीडियो वायरल

Entertainment

​नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव के लिए खुशियों का डबल डोज सामने आया है। चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद मंगलवार को वे तिहाड़ जेल से रिहा हुए और सीधे अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने पहुँच गए। आज, 19 फरवरी (गुरुवार) को हो रही इस शादी के जश्न से राजपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है।

धोती-कुर्ते में ‘देसी’ अंदाज और सलमान का गाना:

वायरल वीडियो में राजपाल यादव गोल्डन रंग के पारंपरिक धोती-कुर्ते में नजर आ रहे हैं। बैकग्राउंड में सलमान खान की फिल्म ‘हेलो ब्रदर’ का सुपरहिट गाना ‘तेरी चुनरिया’ बज रहा है, जिस पर राजपाल अपने परिवार के साथ जमकर थिरकते दिख रहे हैं। लंबे समय बाद उनके चेहरे पर ऐसी बेबाक खुशी देखकर फैंस भी भावुक हो रहे हैं।

जेल से बाहर आते ही भावुक हुए अभिनेता:

रिहाई के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए राजपाल यादव ने कहा, “बॉलीवुड में मेरे 30 साल के सफर में देश की जनता हमेशा मेरे साथ रही है। 2026 तक मैं 250 फिल्में पूरी कर चुका हूँ और यह प्यार ही मेरी ताकत है।” उन्होंने कोर्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कानून का हमेशा सम्मान करते आए हैं और आगे भी कोर्ट के हर आदेश का पालन करेंगे।

क्या है पूरा मामला?

राजपाल यादव को चेक बाउंस से जुड़े पुराने मामलों में जेल जाना पड़ा था। हालांकि, दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को उनकी सजा पर अंतरिम रोक लगाते हुए 18 मार्च तक रिहाई का आदेश दिया। यह राहत शिकायतकर्ता कंपनी के खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा होने के बाद मिली है। अब मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी।