आजाद समाज पार्टी का एलान, पार्टी सुप्रीमो की गाड़ी पर हमला करने वाले गिरफ्तार नहीं हुए तो प्रदेश भर में होगा जिला मुख्यालयों का घेराव

Politics

आगरा: 20 जनवरी को गांव भूपखेड़ी जनपद मुजफ्फरनगर में भीम आर्मी चीफ एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद एवं क्षेत्रीय विधायक मदन निजी कार्यक्रम में गए थे। इस कार्यक्रम के दौरान कुछ आसामाजिक तत्वों ने लाठी डण्डो से गाड़ियों पर हमला बोल दिया। छः सात गाड़ियों में तोड़-फोड़ की और पेट्रोल की बोतले फेंक कर जलाने की भी कोशिश की। यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ फिर भी इस मामले में आज तक कोई भी उपद्रवी पुलिस के हाथ नही लगा है जिससे आसपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। आसपा कार्यकर्ताओं ने ऐलान किया है कि अगर इस घटना के दोषी जल्द नहीं पकड़े गए तो 27 जनवरी को जिला मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन होगा।

मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम में आये थे दोनों

जानकारी के मुताबिक गांव में बाबा साहब डा० भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम के बहाने से दोनों नेता क्षेत्रीय जनता द्वारा उप चुनाव में जिताने के लिए धन्यवाद देने के लिए आये थे। कार्यक्रम चल ही रहा था कि तोड़फोड़ की आवाजें आने लगी और इस बीच जब पार्टी कार्यकर्ता पहुँचे तो उपद्रवी गाड़ियां तोड़ रहे थे।

कार्यकर्ताओं के अनुसार उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने पेट्रोल से भरी हुई बोतलों को जलाकर फेंकने लगे। उनका निशाना पार्टी प्रमुख की गाड़ी थी। इस घटना से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर को मारने की नीयत से हमला कर रहे थे। अगर गाड़ी में पार्टी सुप्रीमो होते तो कुछ भी हो सकता था।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ का कहना था कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। इस घटना से कार्यक्रम में व्यवधान पैदा हुआ और लोगों में भय व्याप्त हो गया। गांव से लोग इधर उधर भागने लगे। घटना के बाद मुकदमा दर्ज हुआ लेकिन घटना के पांच दिन बाद भी अभी तक पुलिस ने एक भी उपद्रवी को नहीं पकड़ा है। अतः हमारी मांग है कि इन आसामाजिक तत्वों को अविलम्ब गिरफ्तार किया जाये। गांव के लोगों की सुरक्षा की जाये। इतना ही नहीं भीम आर्मी के चीफ एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय एड0 चन्द्रशेखर आजाद को सुरक्षा हेतु सुरक्षा गार्ड दिये जाये ।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ ने कहा कि यदि पुलिस 26 जनवरी तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई तो 27 जनवरी को पार्टी प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेगी। उस दिन का आंदोलन चेतावनी वाला होगा और भविष्य में उग्र प्रदर्शन भी हो सकता है जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।