गुवाहाटी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के गुवाहाटी में एक जनसभा के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस पर देश की छवि खराब करने का गंभीर आरोप लगाया है। अमित शाह ने हाल ही में एआई शिखर सम्मेलन (AI Summit) के दौरान यूथ कांग्रेस के ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन और संसद की सीढ़ियों पर कांग्रेस सांसदों द्वारा चाय-पकौड़ा खाने की घटना को लेकर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
‘संसद नाश्ता करने की जगह नहीं’
गृह मंत्री ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि संसद हमारे लोकतंत्र की सर्वोच्च संस्था है, लेकिन कांग्रेस ने इसकी गरिमा को ताक पर रख दिया है। उन्होंने सवाल किया, “कभी-कभी वे संसद के दरवाजे पर बैठकर चाय-पकौड़े खाते हैं, क्या उन्हें एहसास नहीं है कि नाश्ता करने के लिए उचित स्थान क्या है?” शाह ने कहा कि विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन एआई शिखर सम्मेलन जैसे वैश्विक मंच पर कपड़े उतारकर प्रदर्शन करना भारत की छवि को पूरी दुनिया में धूमिल करता है।
बीजेपी विरोध बनाम भारत विरोध
अमित शाह ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी और बीजेपी के विरोध में उन्होंने अब भारत का विरोध करना शुरू कर दिया है। उन्होंने राहुल के उस बयान पर भी आपत्ति जताई जिसमें उन्होंने अर्धनग्न प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को ‘शेरदिल’ बताया था। शाह ने कहा कि जहां दुनिया भारत में निवेश के लिए इकट्ठा हुई थी, वहां कांग्रेस ने अपनी निजी राजनीति का अड्डा बना लिया।
स्वास्थ्य क्षेत्र में करोड़ों की सौगात
राजनीतिक हमलों के साथ-साथ अमित शाह ने असम के विकास को भी गति दी। उन्होंने गुवाहाटी में 675 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ‘प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल’ (PMCH) का उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने गोलाघाट और तिनसुकिया में नए कैंसर केंद्रों का ऑनलाइन लोकार्पण किया और राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों की आधारशिला रखी।
बता दें कि अमित शाह दो दिवसीय असम दौरे पर हैं और चार महीने के भीतर यह उनका चौथा दौरा है, जो आगामी चुनावों और राज्य के विकास के प्रति केंद्र की गंभीरता को दर्शाता है।

