आगरा: महिला ने यमुना नदी में लगाई छलांग, पुलिस ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन

स्थानीय समाचार

आगरा। थाना फतेहाबाद के गांव भोलपुरा घाट पर एक महिला ने यमुना नदी मे छलांग लगा दी। कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर उपजिलाधिकारी और फतेहाबाद पुलिस ने घटनास्थल की तरफ दौड लगा दी। वहां पर ग्रामीण गोताखोर और फायरब्रिगेड से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया लेकिन सफलता हासिल नहीं मिल सकी है।

सोमवार सुबह लगभग सात बजे भोलपुरा निवासी 32 वर्षीय ममता पत्नी मुकेश ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। जोनेश्वर घाट पर गांव के ही 55 वर्षीय वृन्दावन पुत्र फूलसिंह ने ममता को दूर से छलांग लगाते हुए देखा और गांव में महिला के परिजनों को सूचना दी। कंट्रोल रूम से फतेहाबाद पुलिस को सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी जेपी पांडे, इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर ग्रामीण गोताखोरों को यमुना नदी में उतारा गया।

कामयाबी नहीं मिलने पर फायर ब्रिगेड से रेस्क्यू ऑपरेशन कराया गया लेकिन समाचार लिखे जाने तक 15पीएसी के गोताखोरों का इंतजार किया जा रहा था। महिला ने यमुना नदी में क्यों छलांग लगाई गई इसकी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। हालांकि पुलिस जानकारी करने के लिए जुट गई है।