आगरा: अवैध वसूली को लेकर PRV पुलिस पर फूटा लोगों का ग़ुस्सा, लगाये गंभीर आरोप

स्थानीय समाचार

आगरा: लोगों की सुरक्षा में तैनात रहने वाली खाकी से ही अब आम व्यक्ति घबराने लगा है। एक आम व ईमानदार व्यक्ति पुलिस की बात सुनकर ही सहम जाता है क्योंकि खाकी ने अब अपना रूप बदल लिया है। लोगों की सुरक्षा में तैनात रहने वाली खाकी अब अपने स्वार्थ को देख रही है और अवैध वसूली के मामले में तो खाकी इस समय सुर्खियों में है। शनिवार को अवैध वसूली के विरोध में लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और अपना आक्रोश व्यक्त किया।

पीआरवी 003 के खिलाफ हुआ प्रदर्शन

यह पूरा मामला ताजगंज थाना क्षेत्र के पंचवटी कॉलोनी का है। आरोप है कि पंचवटी कॉलोनी के बाहर अक्सर पीआरवी 003 आकर रूकती है और वाहन चालकों से अवैध वसूली करती है। इतना ही नहीं वाहन चालकों के साथ-साथ अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया जाता है। शनिवार को पुलिस की इस हरकत के विरोध में आम व्यक्तियों का धैर्य जवाब दे गया। लोगों ने एकजुट होकर खाकी को घेरना शुरू कर दिया और खाकी के खिलाफ प्रदर्शन होने लगा। लोगों के आक्रोश को बढ़ता देख पुलिस भी बैकफुट पर आई। लोगों का आरोप था कि पीआरवी 003 में तैनात एसआई रैंक के अधिकारी यहां पर अवैध वसूली करते हैं जिससे आम व्यक्ति अब खासा परेशान हैं।

शनिवार को जैसे ही पीआरवी 003 आकर रुकी और पुलिसकर्मियों ने अवैध वसूली करना शुरू किया। लोगों ने एकजुट होकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। लोग एकजुट हुए तो पुलिस भी बैकफुट पर आने लगी। लोगों का आक्रोश बढ़ता देख पुलिस अधिकारी पीआरवी में बैठकर जाने लगे तो लोगों ने आगे आकर पीआरवी को रोक दिया और अपनी नाराजगी जाहिर करने लगे। लोगों का आरोप था कि अगर वाहन चालक व अन्य लोग कानून के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं तो उसके जुर्माना लगाया जाए न कि जुर्माने की आड़ में अवैध वसूली की जाए।

पुलिस की अवैध वसूली से परेशान होकर लोगों ने अब पुलिस के खिलाफ ही मोर्चा खोलना शुरू कर दिया है। पीड़ित और आक्रोशित लोगों ने पुलिस की इस कार्यशैली और अवैध वसूली की शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों से करने की बात कही है। उनका कहना है कि इस पूरे मामले से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होगी तो वह अपने स्तर से फैसला लेकर पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।