Agra News: टीसीएस मैनेजर मानव की पत्नी निकिता बोली- मैंने तो तीन बार सुसाइड करने से रोका था, पेश किए सबूत

Crime

आगरा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मैनेजर मानव शर्मा की पत्नी निकिता ने खुद पर आरोप लगने के बाद अपना पक्ष रखा है। निकिता ने कहा है कि मानव इससे पहले भी तीन बार सुसाइड की कोशिश कर चुके थे। सुसाइड से कुछ समय पहले ही उसने मानव के पिता और बहन को इस बारे में आगाह किया था। निकिता ने इसके सबूत भी पेश किए।

मानव की पत्नी निकिता शर्मा इन दिनों अपने मायके में रह रही है। निकिता ने बताया कि मानव के सुसाइड करने के बाद अस्पताल से जब उनका शव घर लाया गया था, तब वह अपने ससुराल में ही मौजूद थी। इसके बाद वह मायके आ गई थी। बाद में जब ससुराल गई तो ससुरालीजनों ने उसे घर में यह कहते हुए प्रवेश नहीं करने दिया कि उसने उनके बेटे को मार डाला।

निकिता ने व्हाट्सएप के चैट सबूत के तौर पर जारी करते हुए बताया कि मानव कुछ समय बहुत तनाव में थे। इसी में उन्होंने दो बार अपनी जान देने की कोशिश की थी, लेकिन दोनों बार उसने ही उन्हें बचा लिया था। निकिता का यह भी कहना है कि मानव ने अत्यधिक शराब का सेवन शुरू कर दिया था और नशे की हालत में उसके साथ दुर्व्यवहार, यहां तक कि मारपीट भी किया करते थे। निकिता ने कहा कि मानव ने जिस बात का जिक्र किया है, वह मेरा पास्ट था. जो भी चीजें थीं, वो शादी से पहले की थीं। शादी के बाद की कोई भी बात नहीं थी। इसे लेकर वह काफी परेशान रहने लगे थे। ये वाली बात सुनकर वे बहुत हल्ला करने लगे थे। ड्रिंक करने लगे थे। अपने आपको नुकसान पहुंचाया। मैंने तीन बार उनको बचाया। फांसी का फंदा काटा उनका। बचाकर मैं आगरा लेकर आई उनको।

निकिता का कहना है कि मानव के तीन बार सुसाइड का प्रयास करने पर उसने अपने ससुराल के सदस्यों (सास ससुर) को भी बताया था, लेकिन उन्होंने इस बात को यह कहकर टाल दिया कि ये तुम दोनों के बीच की बात है। मेरे कहने पर मानव के मम्मी पापा दो दिन मुंबई रहकर भी आए थे। निकिता, मानव की यह स्थिति देखकर वही उसे मुंबई से आगरा लेकर आई थी। जिस दिन मानव ने सुसाइड किया, उसी दिन उसके पिता और उसकी बहन को जानकारी दी थी कि वह कुछ गलत कर सकता है।

निकिता का कहना है कि मानव लाइव फंदा डाले हुए थे। तब भी मैंने उनके पापा को मैसेज किया कि मानव के कमरे में जाकर देख लो। उनकी बहन को काॊल किया। मैसेज किए, लेेकिन उन्होंने यह कहकर चुप करा दिया था कि मेरी बात हो गई है, वह कुछ नहीं करेगा।

निकिता ने यह भी बताया था कि मानव ने जिस दिन सुसाइड किया, उसी दिन वे मुझे हंसी-खुशी मेरे मायके छोड़कर गए थे।

इधर सदर पुलिस का कहना है कि मानव के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने निकिता का पक्ष सामने आने पर कहा कि अगर वे निर्दोष हैं तो अपना पक्ष रखें। किसी निर्दोष को नहीं फंसाया जाएगा।