Agra News: खाकी से बदतमीजी करने वाला शिबू ठाकुर गिरफ्तार, ‘लाइव वीडियो’ वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन

Crime

आगरा। ताजनगरी के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले आरोपी शिबू ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर पुलिस से नोकझोंक का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, शिबू ठाकुर के खिलाफ गाड़ी में तोड़फोड़ और मारपीट का एक मुकदमा पहले से दर्ज था। इसी मामले की विवेचना और दबिश के लिए जब ट्रांस यमुना थाने की पुलिस टीम आरोपी के घर पहुँची, तो उसने सहयोग करने के बजाय पुलिसकर्मियों के साथ ही मोर्चा खोल दिया।

सोशल मीडिया पर ‘लाइव’ पड़ा महंगा

घटना के दौरान आरोपी ने न केवल पुलिस टीम के साथ तीखी बहस की, बल्कि उनके साथ बदसलूकी भी की। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर लाइव या अपलोड कर दिया। वीडियो में आरोपी का आक्रामक रवैया साफ देखा जा सकता था। जैसे ही वीडियो अधिकारियों तक पहुँचा, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

सख्त धाराओं में हुई कार्रवाई

ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने आरोपी शिबू ठाकुर को दबोच लिया है। उस पर मारपीट के पुराने मुकदमों के साथ-साथ अब सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस से अभद्रता करने और धमकी देने की धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है। आगरा पुलिस के अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वर्दी का अपमान करने वाले और कानून को चुनौती देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।