आगरा (25 फरवरी 2026): कमला नगर स्थित शालीमार एन्क्लेव के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में अष्टानिका महापर्व के उपलक्ष्य में आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज एवं मुनि श्री विश्वसाम्य सागर जी महाराज के सानिध्य में चल रहे इस दिव्य आयोजन से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया है।
अभिषेक और शांतिधारा से हुआ मंगल शुभारंभ
बुधवार तड़के कार्यक्रम का प्रारंभ भगवान आदिनाथ के सामूहिक अभिषेक और विश्व शांति की कामना के साथ ‘शांतिधारा’ से हुआ। बाल ब्रह्मचारी आशीष भैया जी के कुशल निर्देशन में विधान के पात्रों ने मंत्रोच्चार के बीच अष्ट द्रव्यों से मंडल पर अर्घ्य समर्पित किए। 23 फरवरी से शुरू हुआ यह भक्ति का उत्सव 3 मार्च तक निरंतर जारी रहेगा।
भक्तामर की गूंज और दीपों की जगमगाहट
सायंकालीन वेला में मंदिर परिसर भक्तिमय भजनों और संगीत से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भगवान आदिनाथ की मंगल आरती की और सामूहिक भक्तामर पाठ का वाचन किया। दीपों की रोशनी और सुगंधित वातावरण ने भक्तों को गहन आत्मिक शांति की अनुभूति कराई।
समाज की सक्रिय सहभागिता
यह आयोजन पुण्यशाली पारस जैन कंसल एवं मधु जैन कंसल परिवार के सौजन्य से संपन्न हो रहा है। कार्यक्रम में संभव जैन, विनीत जैन, अजीत जैन, राजकुमार ‘गुड्डू’, राजू गोधा, संजू गोधा सहित कमला नगर जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहकर धर्मलाभ ले रहे हैं।

