Agra News: डॉ. अम्बेडकर जयंती पर भाजपाइयों ने निकाली प्रभातफेरी, बाबा साहब के सिद्धांत पर चलने का लिया संकल्प

स्थानीय समाचार

आगरा। संविधान रचयिता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 134वीं जयंती पर भाजपा द्वारा आज पूरे शहर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्यसभा सांसद नवीन जैन और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा ने बाबा साहब के सम्मान में प्रभातफेरी निकाली।

भाजपा मनकामेश्वर मंडल द्वारा आयोजित प्रभातफेरी धूलियागंज टोरेंट पावर कार्यालय से शुरू हुई। उसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे। सबसे आगे महावीर दिगंबर जैन इंटर कॉलेज के एनएसएस विद्यार्थी बैंड बजाते हुए चल रहे थे। सांसद नवीन जैन और राजकुमार गुप्ता भारी भीड़ के बीच बाबा साहब के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए आगे बढ़ रहे थे। प्रभातफेरी में भाजपा के झंडों के साथ बाबा साहब की तस्वीरें और झंडे भी शामिल थे।

प्रभात फेरी के साथ पार्षद राकेश जैन, राजकुमार खंडेलवाल, संजय कप्तान, योगेश, जितेंद्र कुमार जैन, प्रवेश कुमार जैन, चिराग जैन आदि भी चल रहे थे।

प्रभातफेरी पर लोगों ने की पुष्पवर्षा

लोगों ने प्रभातफेरी पर जगह जगह घरों की छतों और बालकनियों से पुष्पवर्षा की। सांसद नवीन जैन और राजकुमार गुप्ता का कई स्थानों पर पुष्पहार, साफा और मालाओं से स्वागत हुआ। स्थानीय लोगों ने इस आयोजन को बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए इसका समर्थन किया। प्रभातफेरी कालामहल पहुंचकर पार्षद रवि माथुर द्वारा आयोजित संगोष्ठी में परिवर्तित हो गई।

संगोष्ठी में बाबा साहब के योगदान का स्मरण

संगोष्ठी में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन और महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बाबा साहब को न केवल संविधान निर्माता, बल्कि सामाजिक समरसता और समानता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “डॉ. भीमराव आंबेडकर एक ऐसे युग-पुरुष थे, जिन्होंने भारत के सामाजिक ताने-बाने को जोड़ने का कार्य किया।

सांसद जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ. अम्बेडकर के सपने को साकार कर रहे हैं। सबका साथ, सबका विकास के साथ गरीबों, दलितों और वंचितों के उत्थान के लिए योजनाएं लागू कर पीएम मोदी बाबा साहब के पदचिह्नों पर चलकर उनके अधूरे मिशन को पूर्णता की ओर ले जा रहे हैं।”

उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “यह वही कांग्रेस है, जिसने बाबा साहब का जीवनकाल में अपमान किया। उन्हें न केवल चुनाव में हराने की साजिश की, बल्कि उनके विचारों को दबाने का भी प्रयास किया। आज वही लोग, विशेष रूप से राहुल गांधी, संविधान की दुहाई देते हैं, परंतु उन्हें यह तक नहीं पता कि संविधान में कितने पेज हैं। यह उनकी ढोंग और अवसरवादी राजनीति का परिचायक है। हमारा संकल्प है कि बाबा साहब के संविधान की रक्षा और उनके विचारों का प्रचार-प्रसार हमारी प्राथमिकता रहेगी।

संगोष्ठी का संचालन रवि माथुर ने किया। इस अवसर पर नागेश पंडित, अनिल पाराशर, पंकज पाठक, ललित शर्मा, राहुल जैन, राजेश सिंघल, सुषमा जैन, अमित अग्रवाल ग्वाला, आलोक वर्मा, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, मनोज राजोरा, अभिषेक गुप्ता, संजय वरदान आदि उपस्थित रहे।

भाजपाइयों ने पढ़ी संविधान की शपथ

भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा बाबा साहब की जयंती पर ईदगाह कुतुबपुर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. जीएस धर्मेश एवं भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने माल्यार्पण किया। इसके बाद दोनों ने कार्यकर्ताओं के साथ संविधान की शपथ को पढ़ा और बाबा साहब से प्रेरणा लेकर सभी को शिक्षा की और ले जाने का प्रण लिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा आगरा महानगर उपाध्यक्ष राहुल सागर, हेमंत भोजवानी, मनोज राजोरा, रोहित कत्याल, सुधीर राठौर, अभिषेक गुप्ता, सुधीर चौबे, अनिल सारस्वत, अजय देव, सुनील कुमार, राजा बाबू, विवेक लोधी, अर्जुन कोरी, मनमोहन कुशवाह, करुणा निधि गर्ग, प्रमोद सिंह, कुशल गोयल आदि उपस्थित रहे।

डॉ. अम्बेडकर और गौतमबुद्ध की प्रतिमा की स्थापित

भारत रत्न बाबासाहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के जन्मदिवस पर नव संकिसा बौद्ध विहार समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहब एवं गौतम बुद्ध की नवीन स्थापित प्रतिमा का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने किया। साथ ही लोकेंद्रपुरी गढ़ी भदौरिया स्थित पार्क में बाबा साहब की प्रतिमा पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने माल्यार्पण भी किया।

राज्यमंत्री बघेल ने डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबा साहब से जुड़े पंचतीर्थों को सहेजने के साथ ही उनके विचार व आदर्श को जन जन तक प्रसारित कर मोदी सरकार ने उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा व्यक्त की है। शिक्षा के प्रति उनका लगाव समझना आज की नई पीढ़ी के लिए सबसे अधिक आवश्यक है। सभी को प्रेरणा लेते हुए उनके अधूरे सपने पूरे करने का प्रण लेना चाहिए।

कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष जेपी सिंह, डोरीलाल, महावीर सिंह, इंजी. मानिक चंद, प्रताप सिंह, नवीन गौतम, मीडिया प्रभारी भाजपा रोहित कत्याल, प्रमोद सिंह, भुवन शर्मा, गोगा मौर्य आदि उपस्थित रहे।