Agra News: साहित्यकार डॉ. इंद्रपाल सिंह इंद्र का भावपूर्ण साहित्यिक स्मरण

विविध

आगरा। सुप्रसिद्ध साहित्यकार, शिक्षाविद और भाषा-साधक डॉ. इंद्रपाल सिंह ‘इंद्र’ की स्मृति में बुधवार शाम डॉ. इंद्र स्मारक समिति एवं साहित्य साधिका समिति द्वारा सेठ पदमचंद जैन इंस्टीट्यूट, खंदारी के सभागार में उनकी जयंती समारोह का आयोजन श्रद्धा, स्नेह और साहित्यिक भावों के साथ किया गया। देशभर से आए साहित्यकारों, शिक्षकों और संस्कृतिकर्मियों ने डॉ. इंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ समारोह अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिलन, मुख्य अतिथि महेश शर्मा (चेयरमैन, आगरा पब्लिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस) और विशिष्ट अतिथि अवधी कवि शिवपूजन शुक्ला ने मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया।

अपने उद्बोधन में डॉ. मिलन और महेश शर्मा ने कहा कि डॉ. इंद्रपाल सिंह का जीवन शिक्षण, साहित्य और संस्कृति की त्रिवेणी था। उन्होंने डॉ. सुषमा सिंह के पिता के प्रति निःस्वार्थ श्रद्धा भाव की सराहना करते हुए इसे आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्पद बताया।

डॉ. अनामिका शर्मा की सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की सांस्कृतिक छटा आरंभ हुई। अवधी कवि शिवपूजन शुक्ल ने अपने स्वरचित गीतों से लोकगंध और भावप्रवाह को मंच पर जीवंत कर दिया। ढोलक पर भवानी प्रसाद और सहगायक चिंतामणि की संगत ने प्रस्तुति को पूर्णता दी।

वरिष्ठ कवियों डॉ. शेषपाल सिंह ‘शेष’, डॉ. आभा चतुर्वेदी, रामेन्द्र शर्मा, डॉ. सुषमा सिंह ने काव्यांजलि के माध्यम से इंद्र जी के व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान का स्मरण किया। इस क्रम में डॉ. यशोधरा यादव ‘यशो’, विजया तिवारी आदि ने भावनात्मक कविताएं पढ़ीं, जो श्रोताओं को गहराई तक स्पर्श कर गईं।

आयोजन का कुशल संचालन डॉ. यशोधरा यादव ‘यशो’ ने किया। स्वागत भाषण श्रीमती रमा वर्मा ‘श्याम’ ने दिया। डॊ. इन्द्र स्मारक समिति और साहित्य साधिका समिति की संस्थापक एवं आरबीएस कॊलेज की पूर्व प्राचार्य डॊ. सुषमा सिंह, श्रीमती रमा वर्मा श्याम, कमला सैनी, डॉ. रेखा कक्कड़, रमेश पंडित, पूनम तिवारी, किरन शर्मा, डॉ. रमेश पाल सिंह धाकरे, चारूमित्रा, रमा रश्मि आदि ने आतिथियों का स्वागत किया।

इस दौरान डॉ. खुशीराम शर्मा, डॉ. नीलम भटनागर, डॉ. कुसुम चतुर्वेदी, डॉ. मधु भारद्वाज, प्रो. बीना शर्मा, डॉ. कमलेश नागर, शैल बाला अग्रवाल, साधना वैद, अशोक अश्रु, डॉ. केशव शर्मा, दुर्ग विजय सिंह दीप, डॉ. राजीव शर्मा निष्प्रह, डॉ. बृज बिहारी लाल बिरजू, योगेश शर्मा योगी, राज फौजदार, सुनीता चौहान, नीरज जैन, विनय बंसल, प्रकाश गुप्ता बेबाक, आदर्श नंदन गुप्त, शरद गुप्ता और रजनी सिंह भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।