आगरा। भारत–इजरायल के बीच कृषि सहयोग को नई गति देने की दिशा में इजरायल के राजदूत रेयूवेन अज़र ने आगरा के तांतपुर क्षेत्र स्थित पूर्व विधायक महेश गोयल के कृषि फार्म हाउस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने फार्म पर अपनाई जा रही आधुनिक और जैविक खेती की तकनीकों का निरीक्षण किया तथा इनके सफल प्रयोगों की सराहना की।
राजदूत ने ड्रिप इरिगेशन सिस्टम, उन्नत फसल प्रबंधन, जैविक उत्पादन पद्धति और आधुनिक कृषि उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कम जल में अधिक उत्पादन देने वाली तकनीकों को भविष्य की खेती के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। फार्म संचालक एवं पूर्व विधायक के पुत्र दीपक गोयल ने आधुनिक कृषि प्रयोगों, जैविक खेती से होने वाले आर्थिक लाभ और टिकाऊ कृषि मॉडल के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
दौरे के दौरान भारत और इजरायल के बीच कृषि नवाचार, तकनीकी सहयोग और ज्ञान साझा करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। राजदूत ने कहा कि नवाचार आधारित खेती किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है और भारतीय किसान नई तकनीकों को तेजी से अपनाकर कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
उन्होंने भारतीय कृषि में हो रहे प्रयोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जैविक खेती और आधुनिक सिंचाई प्रणालियां पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों के लिए आर्थिक रूप से भी लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। यह दौरा दोनों देशों के बीच कृषि सहयोग को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

