आगरा: थाना सिकंदरा में तैनात दरोगा पर महिला पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगा है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया गया है।
थाना सिकंदरा में तैनात दरोगा दीपक चौहान बीती रात को सिकंदरा डिवीजन चौकी क्षेत्र में एक आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश देने गए थे। पुलिस को देखकर वहां पर लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने पुलिस को आगे जाने से रोका। महिलाएं भी बीच में आ गईं। इसको लेकर पुलिस की तकरार भी हुई। आरोप है कि दरोगा ने महिलाओं से अभद्रता कर दी। उनके साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद दरोगा ने महिलाओं के थप्पड़ मारना शुरू कर दिए। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने महिला पर हाथ छोड़ने का दरोगा का वीडियो बना लिया। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस उप आयुक्त नगर विकास कुमार ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया। बताया गया है कि दबिश के दौरान विवाद होने की सूचना पर थाने का फोर्स भी मौके पर पहुंचा था। दरोगा ने भी महिलाओं द्वारा पुलिस के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।