Agra News: भव्य स्वरूप में दिखेगा ‘बजाजा सेवा सदन’, भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ तीन मंजिला आधुनिक भवन का निर्माण

विविध

आगरा: ताजनगरी में समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था ‘श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी’ ने अपने सेवा कार्यों को नई ऊंचाई देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। आगरा कॉलेज महिला विंग के ठीक सामने स्थित संस्था के पुराने ‘बजाजा सेवा सदन’ भवन को जमींदोज कर अब वहां एक भव्य और आधुनिक तीन मंजिला भवन का निर्माण शुरू किया गया है।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रखी गई आधारशिला

शनिवार को निर्माण स्थल पर श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा पंचशील पूजन, हवन और विधिवत भूमि पूजन का आयोजन किया गया। पंडित राजेश शास्त्री ने वैदिक रीति-रिवाज से पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर समाज के गणमान्य लोगों ने आहुति अर्पित कर निर्माण कार्य के निर्विघ्न पूर्ण होने की प्रार्थना की।

45 साल पुरानी विरासत लेगी नया रूप

कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने भवन के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि करीब 45 वर्ष पहले कपड़ा कारोबारियों के सामूहिक सहयोग से इस संपत्ति को खरीदा गया था। लंबे समय तक यहां 17 किरायेदार रहे, लेकिन अब भवन पूरी तरह खाली हो चुका है। 1100 वर्ग गज के इस विशाल भूखंड पर अब बेसमेंट सहित तीन मंजिला आधुनिक इमारत खड़ी की जाएगी।

डेढ़ साल में तैयार होगा नया सेवा केंद्र

महासचिव राजीव अग्रवाल ने बताया कि नए भवन का निर्माण लगभग 18 महीनों (डेढ़ वर्ष) में पूरा होने की उम्मीद है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन के बनने के बाद कमेटी की सामाजिक, धार्मिक और जनहितकारी गतिविधियों को और अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश गोयल, ओम टंडन, पूर्व पदाधिकारी राजकुमार जैन, मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल, किशन अग्रवाल, टीएन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विशनू चौधरी, ताराचंद गोयल और प्रशांत गुप्ता सहित कार्यकारिणी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।