Agra News: यमुना पर नये पुल के बनने का रास्ता साफ, यमुना पार उत्तर में तेजी से बढ़ेगा आगरा शहर

स्थानीय समाचार

आगरा। आने वाले समय में लगभग आधा खंदौली ब्लॉक आगरा शहर का हिस्सा बनने जा रहा है। ऐसा यमुना पर आनंदी भैंरो के नजदीक बनने जा रहे नये पुल की वजह से होगा। यमुना के इस नये पुल के बनने का रास्ता साफ हो गया है। पुल निर्माण स्थल से गुजर रही ट्रांसमिशन लाइन को लेकर माथापच्ची चल रही है। इसके क्लियर होते ही जिलाधिकारी के स्तर से शासन को प्रस्ताव भेज दिया जाएगा।

यमुना पर इस नये पुल के निर्माण के लिए विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह लम्बे समय से प्रयासरत हैं। पहले यह पुल आनंदी भैंरों में जिस जगह पर प्रस्तावित किया गया था, उसे लेकर वन विभाग ने आपत्तियां लगा दी थीं क्योंकि वहां वन विभाग की जमीन भी थी। इसके बाद विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह और जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने सेतु निगम के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सहमति बनी थी कि पुल को प्रस्तावित स्थल से चार सौ मीटर आनंदी भैंरो गांव की ओर शिफ्ट कर दिया जाए।

अब जिस स्थान पर नया पुल बनना तय हुआ है, वहां किसी प्रकार की अड़चन नहीं है। यहां से विद्युत विभाग की ट्रांसमिशन लाइन गुजर रही है। जिलाधिकारी ने ट्रांसमिशन लाइन को लेकर दक्षिणांचल के एमडी से बात की है। विद्युत विभाग के अधिकारी अब इस बात की माथापच्ची कर रहे हैं कि ट्रांसमिशन लाइन को यहां से हटाया जाए या फिर इसी लाइन को ऊंचा कर दिया जाए। यह काम पूरा होते ही जिलाधिकारी द्वारा शासन को प्रस्ताव प्रेषित कर दिया जाएगा।

आगरा से खंदौली के बीच होगा नया मार्ग

आगरा में आनंदी भैंरो पर बनने वाले नये पुल से आगरा से खंदौली पहुंचने के लिए एक और रास्ता मिल जाएगा। वर्तमान में खंदौली पहुंचने के लिए रामबाग से होकर जाना पड़ता है। नया पुल बनने के बाद आगरा के लोग केंद्रीय हिंदी संस्थान मार्ग पर चलते हुए नये पुल से यमुना पार करेंगे और यमुना के दूसरी ओर खंदौली ब्लाक के गिजौली, डेरा बंजारा गांव में पहुंचेंगे। विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह गिजौली से खंदौली तक साढ़े पांच मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण पहले ही करा चुके हैं। इस प्रकार इस नये मार्ग से आगरा के लोग सीधे खंदौली पहुंचेंगे।

दो नये एक्सप्रेस वे की दूरी हो जाएगी कम

यमुना के इस नये पुल के बनने के बाद आगरा-नोएडा यमुना एक्सप्रेसवे की दूरी जहां कम हो जाएगी, वहीं प्रस्तावित आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे पर भी इस पुल के जरिए शहर के लोग सीधे पहुंच सकेंगे। आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है और इसके दो साल में पूरा होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लगभग इसी अवधि में नया पुल भी तैयार हो सकता है। यही नहीं, आगरा-अलीगढ़ के मौजूदा रोड पर भी इस पुल के जरिए सीधे खंदौली पहुंचा जा सकेगा।

यमुना पार उत्तर में तेजी से बढ़ेगा आगरा शहर

आनंदी भैंरो पर नया पुल बनने के बाद आगरा शहर का यमुना पार उत्तर दिशा में तेजी से विकास होगा। इस पुल के बनना तय होते ही यमुना पार के गांवों में जमीन की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। उत्तर में यमुना पार क्षेत्र में लगभग आधा खंदौली ब्लॊक आने वाले दिनों में आगरा शहर का हिस्सा हो जाएगा। यहां तेजी से विकास होने की एक वजह यह भी होगी कि यह क्षेत्र दो एक्सप्रेसवे के आसपास का एरिया होगा।